Sonu Nigam Son: मुंबई/ पार्श्व गायक सोनू निगम एक बार फिर बयान के कारण सुर्खियों में है। सोनू निगम ने हाल ही में अपना एक गाना ‘ईश्वर का वो सच्चा बंदा’ रिलीज किया है। इस दौरान सोनू निगम ने एक ऐसी बात कह दी जो सुर्खियों में छा गई है। दरअसल इन दौरान सोनू निगम से उनके बेटे को लेकर सवाल किया गया था कि क्या उसे भी वे गायक बना चाहते हैं तो सोनू निगम ने कहा है कि कतई नहीं चाहते कि उनका बेटा भी एक सिंगर बने, साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि कम से कम भारत में उनका बेटा सिंगर नहीं बनना चाहिए।
सोनू बोले, मेरा बेटा बहुत प्रतिभाशाली
सोनू निगम ने आगे बताया कि वैसे भी मेरा बेटा अब भारत में नहीं रहता है और वह इन दिनों दुबई में रहता है। मैंने उसे पहले ही भारत से बाहर निकाल दिया है। सोनू निगम ने बताया कि फिलहाल मेरा बेटा यूएई में एक टॉप गेमर है। उन्होंने बताया कि एक गेम है, जिसका नाम फोर्टनाइट है और बहुत अच्छा खेलता है। बेटे की तारीफ करते हुए सोनू निगम ने बताया कि वह बहुत ही प्रतिभाशाली बच्चा है और उसमें बहुत सी बेहतरीन क्वॉलिटी है। सोनू निगम ने बताया कि मैं उसे बिल्कुल भी नहीं बताता हूं कि उसे भविष्य में क्या करना है और क्या नहीं करना है। देखते हैं कि वह भविष्य के लिए खुद को कैसे तैयार कर रहा है।
दुबई में रहकर सोनू ने तैयार किया गाना
सोनू निगम ने हाल ही में जिस गाने ‘ईश्वर का वो सच्चा बंदा’ को रिलीज किया है, वह वैष्णव जन का हिंदी वर्जन है। सोनू निगम ने इस गाने को दुबई में रहकर तैयार किया है। इस बारे में सोनू निगम ने बताया कि उन्होंने एक पोर्टेबल होम स्टूडियो बनाया है। वहीं मैंने गाना रिकॉर्ड किया और फिर संगीतकार शमीर टंडन को भेजा। उन्होंने बताया कि हमने इस गाने की शूटिंग दुबई के रेगिस्तान की है। इसके साथ ही कई धार्मिक और आध्यात्मिक स्थानों के सीन भी शामिल किए हैं।
परिवार के साथ दुबई में रहते हैं सोनू निगम
आपको बता दें कि सोनू निगम बीते काफी समय से अपने परिवार के साथ दुबई में ही रहते हैं। साथ वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं और बेबाकी से अपनी राय रखते हैं। इससे पहले भी कई बार विवादित बयान देकर सोनू निगम चर्चा में रह चुके हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में भी नेपोटिज्म को लेकर अपनी बात रखी थी और भूषण कुमार पर भी निशाना साधा था। इसके बाद भूषण कुमार की पत्नी दिव्या खोसला ने भी सोनू निगम पर पलटवार किया था।