Madhya Pradesh Weather Alert:digi desk/BHN/ भोपाल/ राजस्थान एवं गुजरात में गर्मी के तेवर काफी तीखे हो गए हैं। वहां से लगातार आ रही गर्म हवाओं के कारण मध्यप्रदेश में दिन एवं रात का तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेश के होशंगाबाद में लू चली। वहां का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से छह डिग्रीसे. अधिक रहा। प्रदेश में सबसे कम 14 डिग्रीसे. तापमान मंडला में रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो दिन तक तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला बना रह सकता है। बुधवार को गुना, ग्वालियर, राजगढ़, धार, रतलाम, छतरपुर, सागर, दमोह एवं छिंदवाड़ा में लू चल सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से चार डिग्रीसे. अधिक रहा। यह सोमवार के अधिकतम तापमान 36 डिग्रीसे. की तुलना में 1.3 डिग्रीसे. अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। साथ ही रविवार के न्यूनतम तापमान 18 डिग्रीसे. के बराबर ही रहा।
साहा के मुताबिक वर्तमान में हवा का रुख पश्चिमी एवं उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। गुजरात की तरफ से आ रही गर्म हवाओं के कारण प्रदेश में दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में राजस्थान और गुजरात में लू के हालात बने हुए हैं। वहां से लगातार आ रही गर्म हवाओं के असर से राजधानी सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन एवं रात का तापमान बढ़ रहा है। मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहने के कारण अभी दो दिन तक गर्मी के तेवर इसी तरह बने रह सकते हैं।
कब चलती है लू
अजय शुक्ला के मुताबिक जब अधिकतम तापमान 40 डिग्रीसे. हो। साथ ही सामान्य से पांच डिग्रीसे. अधिक दर्ज किया जाता है, तब लू की घोषणा की जाती है।