सिटी पार्क में अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय के सौजन्य से हुआ कार्यक्रम
सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ शासकीय योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत सरकार और मध्यप्रदेश शासन
तथा राज्य स्तर बैंकर्स समिति भोपाल के तत्वाधान में अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय सतना के सौजन्य से जिले के समस्त बैंको का वृहद ग्राहक संपर्क अभियान का आयोजन सोमवार को सिटी पार्क सतना में संपन्न हुआ। वृहद ग्राहक संपर्क अभियान के तहत विभिन्न बैंको द्वारा 996 हितग्राहियों को 60 करोड़ 48 लाख रूपये का ऋण वितरित किया गया। जिनमें सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पीएमएसबीवाई में 3 हजार 95, पीएमजेजेबीवाई में 2 हजार 232 और एपीवाई के तहत कुल 1 हजार 476 लोंगो का बीमा भी किया गया।
कलेक्टर अजय कटेसरिया के मुख्यातिथ्य और इंडियन बैंक के क्षेत्रीय
महाप्रबंधक भुवनेश्वर मनोज कुमार दास की अध्यक्षता में आयोजित वृहद ग्राहक संपर्क अभियान के दौरान ग्राहकों को विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए जिले के इंडियन बैंक सहित सरकारी और गैर-सरकारी बैंको ने आयोजन परिसर में स्टॉल लगाकर सेवाएं दी। इस मौके पर अपर कलेक्टर राजेश शाही, नगर निगम के उपायुक्त भूपेन्द्र देव परमार, मध्याचंल ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक शैलेन्द्र बोकड़े, एलडीएम एपी सिंह भी उपस्थित थे।
वृहद ग्राहक संपर्क अभियान को संबोधित करते हुए कलेक्टर अजय कटेसरिया ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल के पश्चात वर्तमान परिस्थितियों में अर्थव्यवस्था को सुधारने और मजबूती देने की आवश्यकता है। उन्होने कहा कि बैंको को शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को उनके प्रकरण स्वीकृत करने और वितरित करने पर जोर देना चाहिए। उन्होने ऋण वितरित करते समय पारदर्शिता बरतने तथा शासकीय योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति समयावधि में करने की सलाह दी। इंडियन बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक भुवनेश्वर मनोज कुमार दास ने कहा कि कोरोना के कारण पिछला कुछ समय बैकिंग जगत के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा है। जिसके कारण अर्थव्यवस्था को भी बहुत नुकसान पहुंचा है। उन्होने कहा कि अर्थव्यवस्था को पुनः पटरी पर लाने के लिए बैंको को अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
कलेक्टर अजय कटेसरिया और क्षेत्रीय महाप्रबंधक भुवनेश्वर मनोज कुमार दास ने कार्यक्रम परिसर में इंडियन बैंक सहित विभिन्न बैंको एव शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए तकरीबन 20 स्टॉलों का निरीक्षण किया और सभी बैंको के अधिकारियों को अधिक से अधिक ऋण वितरण करने के सलाह दी। अपर कलेक्टर राजेश शाही ने इस मौके पर कहा कि बैंको को अपने ग्राहकों के लिए बेहतर सेवा देने शाखाओं में हेल्पडेस्क की व्यवस्था भी करनी चाहिए। उन्होने कार्यक्रम में उपस्थित जन साधारण को ज्यादा से ज्यादा डिजिटल बैकिंग के इस्तेमाल करने की सलाह दी।
अग्रणी जिला प्रबंधक एपी सिंह द्वारा वृहद ग्राहक संपर्क अभियान के उद्देश्य और सरकारी विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होने बताया कि भारत सरकार एवं म.प्र शासन तथा राज्य स्तर बैंकर्स समिति के निर्देशानुसार जिले में 16 अक्टूबर से 15 नवंबर तक सभी बैंको द्वारा वृहद ग्राहक संपर्क अभियान चलाया गया है। जिसमें जिले के 7 विकासखंडो में कार्यक्रम किए जाकर 630 बैंक खातों में 21 करोड़ रूपये का ऋण स्वीकृत किया गया। इस मौके पर नाबार्ड के डीडीएम इलियास कुजूर, एनआरएलएम की डीपीएम अंजुला झा दयाल और जिला प्रबंधक रंजना त्रिपाठी तथा इंडियन बैंक सतना अंचल के उप अंचल प्रमुख किरण ठाकुर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
Bhaskar Hindi News