भोपाल/ मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार चरम पर है। इस दौरान दोनों प्रमुख दलों यानी भाजपा और कांग्रेस के नेताओं द्वारा एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी खूब लगाए जा रहे हैं। एक दिन पहले ही भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पूर्ववर्ती कमल नाथ सरकार पर अपने 15 महीने के कार्यकाल में करोड़ों का भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाए थे। अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कमल नाथ पर हमला बोलते हुए उन्हें दागी करार दिया है।
एक न्यूज एजेंसी के संवाददाता के साथ बातचीत में शिवराज ने कहा- ‘ कमल नाथ जी कहते हैं कि वो बिल्कुल बेदाग हैं। दाग बड़े गहरे हैं, बेनकाब चहरे हैं। अगर दुनिया भर के वॉशिंग पाउडर भी ले आएं तो वो दाग धुल नहीं सकते। और इसलिए (कमल नाथ) कम से कम खुद को बेदाग न कहें।’ उनका यह वीडियो इंटरनेट मीडिया भी वायरल हो रहा है।