राजगढ़/ पचोर-सोयत स्टेट हाइवे पर एक तेज रफ्तार सीमेंट के कंटेनर ने मामा के यहां दशहरा करने आई एक 6 वर्षीय मासूम बालिका काे रौंद दिया। इस हादसे में बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने स्टेट हाइवे पर चक्काजाम कर दिया था। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुल सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पीएम करवाया है।
जानकारी के मुताबिक टिकोद गांव की 6 वर्षीय बालिका सुहाना अपनी मां मंजूबाई मालवीय के साथ दशहरा करने के लिए मामा के यहां छापीहेड़ा थाना क्षेत्र के गांव कायरी आई हुई थी। दोपहर में सीमेंट का एक तेज रफ्तार कंटेनर पचोर की ओर से सोयत की ओर जा रहा था।
तब ही कायरी गांव पर छह वर्षीय मासूम को उसने तेज गति होने के चलते रौंद दिया। घटना की जानकारी लगने के साथ ही ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र होते हुए हाइवे पर जमा हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने देखते ही देखते हाइवे पर चक्काजाम कर दिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने वाहन चालक को पकड़ते हुए उसे पुलिस के हवाले कर दिया। करीब 2 घंटे तक ग्रामीण जाम लगाए रहे। ग्रामीणों का आरोप था कि कंटेनर चालक द्वारा तेजगति से लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए बालिका को टक्कर मारी है और जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी लगने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया था। पुलिस एवं गांव के कुछ लोगों द्वारा जाम खुलवाने के लिए करीब 2 घंटे से अधिक समय तक मशक्कत करने के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों को समझाया गया। तब कहीं जाकर जाम खुलवाया व शव को पीएम के लिए भिजवाया गया है।