Friday , February 14 2025
Breaking News

प्रदेश में स्थापित होंगे 101 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट्स – मुख्यमंत्री 

सभी संभागीय मुख्यालयों पर पर्याप्त ऑक्सीजन भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश में लगने वाले ऑक्सीजन प्लांटों की स्थिति की समीक्षा की

सतना/भोपाल,भास्कर हिंदी न्यूज़/ मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि प्रदेश को ऑक्सीजन उत्पादन में पूर्णतः आत्म-निर्भर बनाना है। प्रदेश में ऑक्सीजन उत्पादन इकाइयाँ स्थापित करने के साथ सभी संभागीय मुख्यालयों में पर्याप्त भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति का सामना प्रभावी तरीके से किया जा सके। प्रदेश में स्थापित होने वाले सभी 101 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट्स में समय-सीमा में उत्पादन आरंभ किया जाए। प्रयास यह हो कि अधिकतम इकाईयाँ 30 अगस्त तक क्रियान्वित हो जाएँ। प्रदेश में 800 मीट्रिक टन ऑक्सीजन भण्डारण की क्षमता विकसित की जाना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वे प्रति सप्ताह इस दिशा में हो रही प्रगति की समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को निवास से प्रदेश में लगने वाले ऑक्सीजन प्लांट्स की स्थिति की समीक्षा की। अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मोहम्मद सुलेमान बैठक में वर्चुअली सम्मिलित हुए। निवास पर हुई बैठक में प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन तथा चिकित्सा शिक्षा  संजय शुक्ला, स्वास्थ्य आयुक्त श्री आकाश त्रिपाठी उपस्थित थे।

कोई महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थान नहीं छूटे

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश को ऑक्सीजन में आत्म-निर्भर बनाने के लिए शासकीय और निजी औद्योगिक इकाइयों के साथ सीएसआर तथा निजी दानदाताओं द्वारा भी पहल की जा रही है। अतः प्रदेश का समग्रता में प्लान बनाकर औद्योगिक इकाइयों तथा भंडारण व्यवस्था की स्थापना की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थान नहीं छूटे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के उद्यमियों को भी प्रोत्साहित किया जाए। इसके लिए उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बीना रिफायनरी और बावई में स्थापित हो रहे ऑक्सीजन प्लांट्स की प्रगति की जानकारी भी ली। पीएसए प्लांट्स की प्रगति की बिन्दुवार समीक्षा की गई।

निरतंर बढ़ रही है उत्पादन क्षमता

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 120 मीट्रिक टन क्षमता की एयर सेपरेशन यूनिट पूर्व से ही कार्य कर रही हैं। इसके अतिरिक्त निजी क्षेत्र में बड़े अस्पतालों से 50 मीट्रिक टन से अधिक की क्षमता विकसित करने की जानकारी मिली है। नई निजी इकाइयों में 60 मीट्रिक टन से अधिक ऑक्सीजन उत्पादन की इकाइयाँ विकसित करने के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

30 सितम्बर तक स्थापित होंगे 101 प्लांट्स

बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश की स्वास्थ्य संस्थाओं में 101 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट्स स्थापित करने के आदेश जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 18 प्लांट्स की डिलेवरी हो चुकी है। सभी स्थानों पर 30 सितम्बर तक प्लांट्स स्थापित कर दिए जाएंगे। मेडिकल कॉलेजों में आठ, जिला अस्पतालों में 60, सिविल अस्पतालों में 12 और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में 19 प्लांट्स लगाए जाएंगे। वारासिवनी, सैंधवा, काटजू अस्पताल, पांढुरना, कुक्षी, इटारसी, सारंगपुर, ब्यावरा, नसरुल्लागंज, लहार, मैहर और जावरा के सिविल अस्पताल लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही बुधनी, रहटी, घोड़ाडोंगरी, सुवासरा, सीतामऊ, शामगढ़, नारायणगढ़, गरोठ, अम्बाह, चाचौड़ा, गोहद, हस्तिनापुर, करैरा, मोहाना, पोहरी, सेंवडा, कोलारस और चंदेरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में भी ऑक्सीजन प्लांट्स लगाए जाएंगे। जबलपुर और इन्दौर के एक-एक अस्पतालों में भी ऑक्सीजन प्लांट्स स्थापित किए जाएगा।

मूँग की खरीदी 15 जून से होगी प्रारंभ 

किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाया जाएगा

मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा प्रदेश में किसानों से मूँग की खरीदी 15 जून से प्रारंभ होगी। किसान 8 जून से अपना पंजीयन करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत सरकार के सहयोग से ग्रीष्मकालीन मूँग की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अन्नदाता का हित मेरे लिए सर्वोपरि है। मूँग की गिरती कीमतों से किसान चिंतित न हों। किसान की उपज का उचित मूल्य दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में यह भी निर्णय लिया गया है कि चने की खरीदी की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 15 जून कर दिया गया है।

7196 रूपये प्रति क्विटंल समर्थन मूल्य घोषित

भारत सरकार द्वारा मध्यप्रदेश के लिए मूँग की खरीदी का लक्ष्य और समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। मूँग का समर्थन मूल्य 7196 रूपये प्रति क्विटंल निर्धारित किया गया है।

About rishi pandit

Check Also

Yuvraj Singh का 2007 वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा खुलासा, MS Dhoni ने एक सपने को तोड़ा

Yuvraj singh big disclosure about 2007 world cup: digi desk/BHN/ भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *