कटनी,भास्कर हिंदी न्यूज़/ भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी कटनी द्वारा कोविड काल में जनकल्याणकारी गतिविधियों को जनसहयोग के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि जिले में ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए संस्था द्वारा 10 लीटर क्षमता वाले ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था की जा रही है। रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष व कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन पर संस्था के सदस्य अरविंद गुगालिया द्वारा इस संबंध में विभिन्न प्रदायकर्ताओं से संपर्क किया गया है।
इसके तहत रेडक्रॉस सोसाइटी कटनी द्वारा कोलकात्ता के एक प्रतिष्ठान से 50 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपकरण की उपलब्धता को लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई है। इसी क्रम में जिले में 20 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्राप्त हुए हैं। जिन्हें जिला चिकित्सालय स्थित कोविड वार्ड को रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा सौंपा गया है। इसके पूर्व भी 28 अप्रैल को 15 उपकरण प्राप्त हुए थे, जिन्हें सायना स्कूल में स्थित सांसद कोविड केयर सेंटर में उपयोग के लिए सौंपा गया था। इन ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपकरणों को क्रय करने में पूर्व राज्यमंत्री एवं वर्तमान विधायक संजय सत्येंद्र पाठक द्वारा अपने निजी स्रोतों से 25 लाख रुपये की राशि जिला रेडक्रॉस सोसायटी को उपलबध कराई गई थी। शेष राशि संस्था या शासन के स्रोतों से वहन की जा रही है। सिविल सर्जन श्री वर्मा ने बताया कि संस्था द्वारा वर्तमान में ही 4 वॉटर कूलर भी जिला चिकित्सालय में लगाए गए हैं।