Wednesday , May 29 2024
Breaking News

पूरी क्षमता से काम करें ऑक्सीजन प्लांट, खाली सिलेण्डर समय पर हों वापस

कोविड मरीजों के लिये ऑक्सीजन की सतत उपलब्धता को लेकर हुई बैठक

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कोविड मरीजों के लिए ऑक्सीजन की सतत उपलब्धता, दवाएं एवं उपचार सेवाओं के संबंध में बुधवार को सांसद गणेश सिंह की उपस्थिति में संपन्न जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और ऑक्सीजन निर्माताओं की संयुक्त बैठक में अस्पतालों की आवश्यकता के अनुरूप समय पर ऑक्सीजन की उपलब्धता के संबंध में समीक्षा की गई। इस मौके पर कलेक्टर अजय कटेसरिया, एसडीएम राजेश शाही, महाप्रबंधक उद्योग आरके सिंह, महिला बाल विकास अधिकारी सौरभ सिंह, सिविल सर्जन डॉ रेखा त्रिपाठी, कोविड प्रभारी डॉ अमर सिंह सहित ऑक्सीजन प्लांट विनायक और एलॉयड के संचालक भी उपस्थित थे।

सांसद श्री सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा और संकट का समय चल रहा है। इसमें किसी भी तरह की अनदेखी और लापरवाही अक्षम्य होगी। ऑक्सीजन उत्पादन कर रहे दोनों प्लांट पर्याप्त मैन पावर रखें और तीन पालियों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगायें। प्लांट की मशीनों में आने वाली खराबी और आवश्यक पुर्जों, उपकरण, मैकेनिक की उपलब्धता से सतत संपर्क में रहें। प्लांट से अस्पताल तक ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति और खाली सिलेंडरों को तत्काल और समय पर प्लांट को रिफिल करने, वापस करने की व्यवस्था सुदृढ़ रखें। दोनों प्लांटों के उत्पादन को देखते हुए सतना जिले की अस्पतालों और मरीजों के लिए संभावित आवश्यकता से कहीं अधिक ऑक्सीजन की उपलब्धता है। सांसद ने अस्पतालों के लिए उपलब्ध रेमडेसिविर और आवश्यक दवाओं के स्टॉक और निजी तथा शासकीय अस्पतालों में उपचाररत मरीजों की उपचार सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल के कोविड वार्ड में सीनियर डॉक्टर्स कम से कम दो बार राउंड करें।

कलेक्टर अजय कटेसरिया ने बताया कि जिले के दोनों ऑक्सीजन प्लांटों से प्रतिदिन 900 सिलेंडर की ऑक्सीजन उत्पादित हो रही है। वर्तमान में निजी सीएससी, जिला अस्पताल, नर्सिंग होम को मिलाकर कुल 720 सिलेंडर की खपत है। कलेक्टर ने कहा कि जिला अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी होने के पूर्व समय पर सूचना दें, ताकि समय पर तत्काल आपूर्ति की जा सके। कलेक्टर ने बताया कि जिला अस्पताल में मरीजों को ऑक्सीजन की सदैव उपलब्धता के लिए 100 सिलेंडर रिजर्व रखने पर भी विचार किया जा रहा है। ऑक्सीजन की आपूर्ति और खपत के बीच हमेशा 100 सिलेंडर ऑक्सीजन इमरजेंसी में उपलब्ध रहेगी। कलेक्टर ने बताया कि निजी अस्पतालों में कोविड मरीजों की समस्या के संबंध में आयुक्त नगर निगम को नोडल अधिकारी बनाया गया है। ऑक्सीजन की आपूर्ति, खपत की निगरानी रखने जिला पंचायत के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

कलेक्टर ने कहा कि ऑक्सीजन की सुचारू उपलब्धता एवं मॉनिटरिंग के लिए शहर के पटवारियों एवं राजस्व अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि धवारी जीएनएम में ऑक्सीजन सप्लाई और सर्व-सुविधायुक्त 80 बेड पूरी तरह से तैयार हैं। पोस्ट कोविड मरीजों के लिए बनाए गए कोविड वार्ड में फिलहाल 4 मरीज भर्ती हैं, जबकि 74 बेड अभी तक पूर्ण रूप से खाली हैं। जिला अस्पताल के ओपीडी में आने वाले कम गंभीर मरीजों, जिन्हें केवल ऑक्सीजन सपोर्ट की आवश्यकता है, ऐसे मरीजों अथवा जिला अस्पताल के कोविड वार्ड के निगेटिव हो चुके मरीजों को यहां शिफ्ट किया जा सकता है। कलेक्टर ने कहा कि महामारी की आपदा में डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और सफाई कर्मी सहित जिन्हें जो ड्यूटी दी गई है, पूरी कर्तव्यनिष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। वार्ड की साफ-सफाई, बेड की चादर इत्यादि बदलने से लेकर खान-पान की व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखी जाएं। एंबुलेंस में ड्राइवर किट के साथ मौजूद रहे। कोविड वार्ड प्रभारी डॉ अमर सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल में 35 सुरक्षा गार्ड सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन परिजनों का वार्ड में प्रवेश रोकने सख्ती नहीं कर पाते। इन सुरक्षाकर्मियों के साथ पुलिस बल का संरक्षण, सहयोग भी आवश्यक है।

सांसद गणेश सिंह ने लगवाई कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज

सतना सांसद गणेश सिंह ने बुधवार को जिला चिकित्सालय सतना में कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई। सांसद श्री सिंह ने सतना लोकसभा क्षेत्र के सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वैक्सीन अवश्य लगाएं। यह वैक्सीन हमें संक्रमण से बचाने में सहायक है। उन्होने ‘दवाई भी-कड़ाई भी के मंत्र का पालन करने के लिये भी कहा है।

About rishi pandit

Check Also

संक्रमण की चेन को तोड़ने संवाद को बनाया प्रमुख अस्त्र, काउंसलर की भूमिका निभाई मुख्यमंत्री ने

“अभिनव पहल”   सतना/भोपाल, भास्कर हिंदी न्यूज़/ महामारी के दौर में प्रदेश में ही नहीं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *