Friday , October 30 2026
Breaking News

Crime: एमसीए छात्र ने घर में फांसी लगाकर दी जान, पिता बोले- कॉलेज में बेटे को दो छात्र कर रहे थे परेशान

उज्जैन। इंदौर के कॉलेज में पढ़ने वाले एक छात्र ने प्रगति नगर स्थित मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र बुधवार रात को ऋषिनगर स्थित घर से स्वजन को पढ़ाई करने का कहकर प्रगति नगर स्थित मकान पर गया था। बताया जा रहा है कि छात्र को उसके साथ पढ़ने वाले दो दोस्त परेशान कर रहे थे। उसने कॉलेज जाना भी छोड़ रखा था। नानाखेड़ा पुलिस ने छात्र के मोबाइल जब्त किया है। मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि वात्सल्य पुत्र संजय व्यास उम्र 21 वर्ष निवासी ऋषिनगर वर्तमान में एक्रोपोलिस कॉलेज इंदौर में एमसीए फाइनल वर्ष का छात्र था। उसके पिता संजय व्यास उज्जैन विकास प्राधिकरण में सहायक ग्रेड 2 के पद पर पदस्थ हैं।

परिजन को घर के अंदर लटका मिला शव

छात्र बुधवार शाम को घर पर पढ़ाई करने का कहकर प्रगति नगर स्थित मकान पर गया था। यहां से वह देर शाम तक घर नहीं लौटा, तो परिजन ने उसे मोबाइल पर फोन किया था। उसने फोन भी नहीं उठाया था। शंका होने पर परिजन प्रगति नगर स्थित मकान पर गए थे। दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी नहीं खुला था। इसके बाद परिजन दरवाजा तोड़कर अंदर गए, तो वात्सल्य फंदे पर लटका हुआ मिला था। परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले गए थे। डॉक्टर ने उसे मृत घाेषित कर दिया।

कॉलेज से मिला था प्रोजेक्ट

परिजन ने पुलिस को बताया कि वात्सल्य को दो माह पहले कॉलेज से एक प्रोजेक्ट मिला था। इसे बनाने के लिए पांच छात्रों की टीम बनाई थी। वात्सल्य ने लीड करते हुए प्रोजेक्ट तैयार कराया था, लेकिन दोस्तों ने वात्सल्य का नाम हटा दिया था। उसने विरोध किया तो धमकाने लगे, जिससे वह डिप्रेशन में आ गया। उसने कॉलेज जाना छोड़ दिया था। पुलिस का कहना है कि परिजन के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मृतक के मोबाइल को जब्त किया जा रहा है।

About rishi pandit

Check Also

दिवाली पर राजबाड़ा में सजेगा बाजार, इंदौर के छोटे व्यापारियों को मिली बड़ी राहत

 इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दीपावली के अवसर पर छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *