Sunday , June 30 2024
Breaking News

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रचंड गर्मी का कहर जारी, अब होने लगी बादलों की लुका छिपी

नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रचंड गर्मी का कहर जारी है। लोग पसीने से तर-बतर हैं और बारिश की आस लगाए बैठे हैं। इस बीच, अच्छी खबर यह है कि दिल्ली और आसपास एनसीआर में बुधवार की दोपहर से बादलों ने लुका छिपी शुरू कर दी है। IMD के पूर्वानुमान में कहा गया है कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण राष्ट्रीय राजधानी को बुधवार से भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली में 20 जून को हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक इसके बाद से तापमान में धीरे-धीरे कमी आ सकती है और इस महीने के अंत तक मॉनसून दस्तक दे सकता है।

इस बीच, मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात पिछले 12 सालों के बाद सबसे गर्म रात रही। बीती रात दिल्ली का न्यूनतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से आठ डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है। दिल्ली में इससे पहले जून 2012 में सबसे गर्म रात दर्ज की गई थी, जब न्यूनतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

 IMD ने ताजा बुलेटिन में कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट बारिश, आंधी और धूल भरी आंधी संभव है। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में लू से भीषण लू की स्थिति भी रह सकती है। विभाग ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, जम्मू संभाग, झारखंड, बिहार, उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति रह सकती है। इसके अलावा आज भी मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म रातें रह सकती हैं।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। इसके अलावा विदर्भ, तेलंगाना,दक्षिणी मध्य प्रदेश, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, दक्षिणी ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, तटीय कर्नाटक और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।

ताजा बुलेटिन में मौसम विभाग ने कहा है कि कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण गुजरात, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड के कुछ हिस्सों, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। इनके अलावा उत्तराखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, रायलसीमा, मराठवाड़ा और दक्षिणपूर्व राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है।

IMD के मुताबिक, पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा समेत सिक्किम, हिमालयी बंगाल और दक्षिण में गोवा, कोंकण, केरल तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में पूरे हफ्ते मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

 

About rishi pandit

Check Also

केजरीवाल के वकील की मांग कोर्ट ने मान ली, ED-CBI की गिरफ्तारी के बीच केजरीवाल के लिए आई राहत की खबर

नई दिल्ली दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई केस में  …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *