Tuesday , July 2 2024
Breaking News

यह चुनाव ऐसा प्रधानमंत्री चुनने का अवसर है जिस पर दुनिया रौब न जमा सके : मोदी

यह चुनाव ऐसा प्रधानमंत्री चुनने का अवसर है जिस पर दुनिया रौब न जमा सके : मोदी

आजमगढ़ को बदनाम करने वाले आज बेनकाब हो चुके हैं: आदित्यनाथ

ओडिशा के लोगों ने नवीन पटनायक को आराम देने का फैसला किया है: जेपी नड्डा

 

जौनपुर

 प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि यह चुनाव देश के लिए एक ऐसा प्रधानमंत्री चुनने का अवसर है जिस पर दुनिया रौब न जमा सके।

मोदी यहां टीडी कालेज के मैदान में जौनपुर संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार कृपाशंकर सिंह और मछलीशहर (आरक्षित) के बी पी सरोज के समर्थन में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा ”यह चुनाव देश का प्रधानमंत्री चुनने का अवसर है। एक ऐसा प्रधानमंत्री, जो एक दमदार सरकार चलाए, जिस पर दुनिया रौब न जमा सके, लेकिन वह भारत के दम-खम से दुनिया को परिचित करवाए।”

इससे पहले मोदी ने ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाने के बाद भोजपुरी में अपना भाषण शुरू किया।

सिंह और सरोज के समर्थन में वोट की अपील करते हुए उन्होंने कहा ”जब आप जौनपुर से हमारे कृपाशंकर जी को वोट देते हैं, मछलीशहर से बी पी सरोज जी को वोट देते हैं तो आपका वोट दमदार सरकार बनाता हे। इनको आप जो वोट देंगे, वह सीधा मोदी के खाते में जाएगा।”

प्रधानमंत्री ने जय राम, हर हर मोदी के नारों के बीच कहा ”आपका यह उत्साह दिखाता है कि आप लोगों ने उत्तर प्रदेश में ‘इंडी’ गठबंधन वालों के लिए एक सीट भी जीतना मुश्किल कर दिया है।”

उन्‍होंने दावा किया कि चार जून को मतगणना के बाद जौनपुर में इतनी इमरती बंटेगी कि सारे रिकॉर्ड टूट जाएंगे।

जौनपुर की इमरती बहुत प्रसिद्ध है और पूर्वांचल में खास मौकों पर इसे उपहार स्वरूप दिया जाता है।

विकास की चर्चा करते हुए मोदी ने कहा कि ”दमदार सरकार कैसे काम करती है कि यह आपने काशी और अयोध्या में देखा है। पहले लोग जब विकास की बातें करते थे, तो चर्चा दिल्‍ली, मुंबई की होती थी। अब देश दुनिया काशी, अयोध्‍या की भी चर्चा करते हैं।”

भीड़ से मोदी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्‍या में माताएं, बहनें लोकतंत्र के उत्‍सव का नेतृत्‍व कर रही हैं। ‘‘आपका आशीर्वाद मेरी बहुत बड़ी शक्ति है।”

उन्‍होंने कहा ”विकसित भारत बनाना मेरा प्रण है और विकसित भारत का ‘ग्रोथ इंजन’ पूर्वांचल, पूर्वी भारत होगा। इसलिए जब एक्‍सप्रेसवे बनाता हूं तो जौनपुर वालों को लाभ होता है। यह पूरा क्षेत्र शिक्षा और स्‍वास्‍थ्‍य का बड़ा केंद्र बन रहा है और आने वाले पांच सालों में मोदी-योगी पूर्वांचल की तकदीर और तस्‍वीर दोनों बदलने वाले हैं।”

महाराष्‍ट्र की कांग्रेस सरकार में गृह राज्‍य मंत्री रह चुके कृपाशंकर सिंह दल बदलकर भाजपा में शामिल हो गये और यहां उनके गृह जिले जौनपुर में पार्टी ने उन्‍हें अपना उम्‍मीदवार बनाया है। सिंह के मुकाबले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से मौजूदा सांसद श्‍याम सिंह यादव और समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व मंत्री बाबू‍ सिंह कुशवाहा चुनाव मैदान में हैं।

जौनपुर और मछलीशहर में लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा। जौनपुर में 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन के उम्‍मीदवार श्‍याम सिंह यादव से भाजपा के सांसद कृष्‍ण प्रताप सिंह पराजित हो गये थे। सिंह ने 2014 में यहां भाजपा से चुनाव जीता था। मछलीशहर से 2019 में भाजपा से बी पी सरोज चुनाव जीते थे, जिनको पार्टी ने दोबारा मौका दिया है।

सभा को भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष भूपेन्‍द्र सिंह चौधरी ने भी संबोधित किया। उन्होंने मोदी की सराहना करते हुए कहा ”आपने 10 वर्षों में संविधान को उस ऊंचाई पर पहुंचाया, जिसकी कल्‍पना बाबा साहब भीमराव आंबेडकर ने की थी।”

सभा में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल ‘निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल’ (निषाद) के अध्‍यक्ष व उप्र सरकार के मत्‍स्‍य मंत्री संजय निषाद भी मौजूद थे।

भाजपा प्रत्‍याशी सिंह ने मोदी को गदा भेंट की, जबकि पूर्व विधायक सुषमा पटेल व लीना तिवारी समेत अन्‍य महिला प्रतिनिधियों ने उनका स्‍वागत किया।

 

आजमगढ़ को बदनाम करने वाले आज बेनकाब हो चुके हैं: आदित्यनाथ

आजमगढ़
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को दस वर्ष पहले देश के सामने पहचान और विश्वास का संकट होने का दावा करते हुए कहा कि तब हर एक व्यक्ति पर सुरक्षा का खतरा मंडरा रहा था एवं विकास कार्य ठप हो चुके थे क्योंकि कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी थी।

उन्होंने कहा, ‘‘देश और दुनिया में आतंकी घटना होने पर उसके तार आजमगढ़ से जोड़े जाते थे और उसे बदनाम किया जाता था। पिछले 10 वर्षों में हमने बदलते हुए भारत को देखा है। हम एक नये भारत का दर्शन कर रहे हैं, जिसमें दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद- नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगा है। ये सब मोदी की गारंटी से हुआ है।’’

ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां फरिया-निजामाबाद रोड के लालगंज लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मौजूद रहे। योगी ने आजमगढ़ के लोकसभा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ और लालगंज लोकसभा प्रत्याशी नीलम सोनकर के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘आजमगढ़ को बदनाम करने वाले आज बेनकाब हो चुके हैं। आज आजमगढ़ वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज समेत कई जिलों से फोरलेन की बेहतरीन कनेक्टिविटी के साथ जुड़ चुका है। पहले देश और दुनिया में लोग आजमगढ़ का नाम सुनते ही चौंक जाते थे। यहां के लोगों को देश और दुनिया में जाने में काफी समस्या होती थी क्योंकि वहां आजमगढ़ वासियों को होटल तो दूर धर्मशाला में भी कमरे नहीं मिलते थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज आजमगढ़वासियों का सम्मान बढ़ा है, उन्हें नई पहचान मिली है। यही वजह है कि पूरे देश में अबकी बार 400 पार की गूंज सुनायी दे रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पूरा देश एक स्वर में कह रहा है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। 500 वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में रामलला विराजमान हो गये हैं। इससे हर देशवासी अभिभूत है। वह प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल का इंतजार कर रहा है।’’

योगी ने कहा, ‘‘हमें भटकना और बहकना नहीं है। हमें नि:संकोच और बेझिझक कमल खिलाने के अभियान के साथ जुड़ना है।’’ इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, दारा सिंह चौहान, ओम प्रकाश राजभर, सांसद संगीता आजाद, भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक आदि उपस्थित थे।

 

ओडिशा के लोगों ने नवीन पटनायक को आराम देने का फैसला किया है: जेपी नड्डा

भुवनेश्वर
 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के समर्थन में ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में बृहस्पतिवार को रोड शो के दौरान भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि राज्य के लोगों ने भाजपा की सरकार बनाने तथा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को ‘आराम देने का फैसला’ किया है।

रोड शो के दौरान भगवा रंग के, खुली छत वाले वाहन में खड़े नड्डा ने सड़क के दोनों तरफ मौजूद भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

मौसिना चक से लिंगराज मंदिर तक के इस रोड शो में पार्टी अध्यक्ष नड्डा के साथ भुवनेश्वर की भाजपा सांसद और उम्मीदवार अपराजिता सारंगी और एकामरा-भुवनेश्वर विधानसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार बाबू सिंह भी मौजूद थे।

लोगों ने भाजपा अध्यक्ष का स्वागत किया और सड़क के दोनों ओर स्थित इमारतों से उन पर पुष्पवर्षा की। रोड शो में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लहराए और नारे लगाए।

तीन किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान पत्रकारों से बातचीत में नड्डा ने कहा कि लोगों का उत्साह बताता है कि उन्होंने पिछले 24 वर्षों से ओडिशा पर शासन कर रहे नवीन पटनायक को आराम देने का और भाजपा की सरकार चुनने का फैसला किया है।’’

उन्होंने राज्य में एक साथ हो रहे लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए तेरह मई को संपन्न पहले चरण के मतदान का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा, ‘ बीजू जनता दल (बीजद) की बस छूट गई है।’

ओडिशा में मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा के संभावित चेहरे के बारे में पूछे जाने पर नड्डा ने कहा कि भाजपा ने चुनाव परिणाम के तीन दिनों के भीतर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अपने मुख्यमंत्रियों का फैसला कर लिया था।

उन्होंने कहा, ”ओडिशा में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलेगा।”

कटक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रोड शो के एक दिन बाद भुवनेश्वर में नड्डा ने रोड शो निकाला। उनका बारगढ़ और सुंदरगढ़ लोकसभा सीटों पर दो जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

भाजपा अध्यक्ष बुधवार को ओडिशा पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक का भी शाम को राज्य की राजधानी में एक रोड शो निकालने का कार्यक्रम है।

कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे आज दिन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उनका कंधमाल जिले के फुलबनी में एक रैली को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। उनका दौरा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा बोलांगीर में एक चुनावी रैली को संबोधित करने के एक दिन बाद हो रहा है।

इस बीच चुनाव प्रचार के लिए दो बार ओडिशा का दौरा कर चुके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 मई को फिर से यहां आने वाले हैं।

केंद्रीय मंत्रियों के अलावा भाजपा शासित असम, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों ने भी ओडिशा में चुनाव प्रचार किया है।

राज्य की 147 विधानसभा सीटों और 21 लोकसभा सीटों के लिए एक साथ चुनाव हो रहे हैं।

 

 

 

About rishi pandit

Check Also

राज्यसभा में तीखी नोकझोंक के दौरान, सदन में जगदीप धनखड़ ने कांग्रेस सांसद खरगे को लगाई फटकार

नई दिल्ली राज्यसभा में मंगलवार को तीखी नोकझोंक के दौरान, सदन के सभापति जगदीप धनखड़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *