Thursday , May 16 2024
Breaking News

बीटीआई ग्राउंड में बोले सी.एम-सरकारी खजाने पर पहला हक गरीबों का

ग्राम पंचायतों का मास्टर प्लान बनाकर हर गांव का होगा सुनियोजित विकास-शिवराज

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार के खजाने में गरीबों के कल्याण के लिये धन की कोई कमी नहीं होगी। सरकारी खजाने पर सबसे पहला हक गरीबों का है। उन्होने कहा कि गरीबों के कल्याण की महत्वाकांक्षी योजना संबल फिर से शुरू की गई है। इसी तरह से नगरीय क्षेत्रों की तरह ग्राम पंचायतों का मास्टर प्लान तैयार कर हर गांव का सुनियोजित विकास किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान मंगलवार को सतना जिले के प्रवास के दौरान बीटीआई ग्राउण्ड में हितग्राही लाभ वितरण कार्यक्रम में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल, सांसद गणेश सिंह, विधायक जुगुल किशोर बागरी, नारायण त्रिपाठी, पूर्व विधायक प्रभाकर सिंह, शंकरलाल तिवारी, सुरेन्द्र सिंह गहरवार, जिला पंचायत की प्रधान सुधा सिंह, पूर्व महापौर ममता पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी, लक्ष्मी यादव, योगेश ताम्रकार भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जनता का प्यार और आशीर्वाद ही मेरी ताकत है। विन्ध्य की धरती ने सरकार को असीम आशीर्वाद दिया है। इस प्यार और विश्वास को कभी टूटने नही दिया जायेगा। उन्होने आमसभा में आमजनता को दंडवत होकर प्रणाम भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गणतंत्र का मतलब है, आम जनता के लिये तंत्र उनकी सेवाओं और सुविधाओं का ख्याल रखे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गरीबों की हितकारी योजना संबल फिर से प्रारंभ की गई है। प्रदेश में 37 लाख गरीबों के नाम राशन की पात्रता सूची में जोड़े गये है। बीमारी में नि:शुल्क इलाज के लिये 2 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 4 साल के भीतर मध्यप्रदेश की धरती पर सभी गरीबों को पक्के मकान मुहैया करा दिये जायेंगे। इसी प्रकार जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2024 तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के हर घर में नल कनेक्शन देकर पेयजल उपलब्ध करा दिया जायेगा।

911 हितग्राहियों को वितरित किये 10 करोड़ 47 लाख रू. के हितलाभ

मुख्यमंत्री,शिवराज सिंह चौहान ने अपने सतना जिले के प्रवास के दौरान बीटीआई ग्राउण्ड सतना के आम सभास्थल पर नगर पालिक निगम और जिले के विभिन्न विभागों के 330 करोड़ 36 लाख रुपए लागत के निर्माण एवं विकास कार्यों का शिलान्यास और भूमिपूजन किया। बीटीआई ग्राउण्ड में आयोजित हितग्राही लाभ वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 911 हितग्राहियों को 10 करोड़ 47 लाख 93 हजार 640 रुपए के हितलाभ का वितरण किया। उन्होने वनाधिकार अधिनियम के तहत पात्र 116 हितग्राहियों को वनाधिकार पत्र भी वितरित किये।

मुख्यमंत्री ने किया 330 करोड़ रू. लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण

मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा नगर पालिक निगम सतना के अंतर्गत 118 करोड़ 42 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनमें 92 करोड़ 82 लाख रुपए के कार्यों का भूमिपूजन और 25 करोड़ 60 लाख रुपए के कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसी प्रकार विद्युत वितरण कंपनी के 16 करोड़ 55 लाख रुपए के कार्यों का लोकार्पण एवं 4 करोड़ 2 लाख रुपए लागत के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जिले के अन्य विभागों के 191 करोड़ 47 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

About rishi pandit

Check Also

संक्रमण की चेन को तोड़ने संवाद को बनाया प्रमुख अस्त्र, काउंसलर की भूमिका निभाई मुख्यमंत्री ने

“अभिनव पहल”   सतना/भोपाल, भास्कर हिंदी न्यूज़/ महामारी के दौर में प्रदेश में ही नहीं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *