भारत पर्व में बुन्देली, देशभक्ति लोक गीतों की हो रही धूम


सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ गणतंत्र दिवस की संध्या पर टाउन हाल सेमरिया चौक सतना में देशभक्ति पूर्ण रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये। भारत पर्व के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम और देशभक्ति के तरानों में जयप्रकाश पटेरिया और साथियों द्वारा प्रस्तुत बुन्देली लोक गीत और स्वाती मोदी के कथक और लोक नृत्य की धूम रही। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी और सांसद गणेश सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर महापौर योगेश ताम्रकार, कलेक्टर अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत डॉ. परीक्षित झाड़े, आयुक्त नगर निगम अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर ऋषि पवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवेश सिंह बघेल, जिला पंजीयक डॉ कीर्ति सिंह बघेल, एसडीएम सिटी नीरज खरे, सहायक संचालक श्याम किशोर द्विवेदी, परियोजना अधिकारी गौरव शर्मा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी महान विरासत और संस्कृति को पुर्नस्थापित करने का कार्य किया जा रहा है। हमारे आराध्य रामलला 500 वर्षां की कठिन प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में विराजमान हुए है। उन्होंने कहा कि लोकगीत और लोक नृत्य हमारी संस्कृति के प्राण स्वरूप है। जिनके माध्यम से उत्साह, ऊर्जा का भाव जाग्रत होता है। सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि समूचा देश आज अपना 75वां गणतंत्र दिवस हर्षोउल्लास मना रहा है। लोकतंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व के अंतर्गत सभी जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि देश की आजादी के जब 100 वर्ष पूरे हो तो एक नया भारत और विकसित भारत हमारे सामने हो। इस कार्य में प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों का सहयोग चाहा है। सांसद ने कहा कि देश के लोगों और खासकर गरीबों में एक विश्वास जागा है कि हमारा देश विकसित राष्ट्र बनकर रहेगा। कार्यक्रम में राज्यमंत्री श्रीमती बागरी और सांसद श्री सिंह ने भारत पर्व में प्रस्तुति देने वाले संस्कृति विभाग के कलाकार जयप्रकाश पटेरिया और उनके साथी तथा कथक लोक नृत्यांगना स्वाती मोदी और उनके साथियों को प्रशस्ति पत्र शाल श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध लोक गायक जयप्रकाश पटेरिया ने अपने 11 सदस्यीय दल के साथ गजानन प्रस्तुति के अलावा स्वतंत्रता संग्राम और युद्ध में वीर गति को प्राप्त हुए शहीदों की स्मृति में वीर रस के बुन्देली लोक गीतों का प्रस्तुतिकरण किया। इसी प्रकार स्वाती मोदी तिवारी जबलपुर और उनके दस सदस्यीय दल द्वारा, गोस्वामी तुलसी की रचना श्री रामचन्द्र कृपालु भजमन……… कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात् उनके दल द्वारा आरंभ है प्रचंड… जय भारती वंदे भारती……. और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कविता पर जहां पवन बहे, संकल्प कहे…… की शानदार प्रस्तुतियां दी गई। भारत पर्व की इस सांस्कृतिक संध्या में लोक गीत और देशभक्ति के गायन और नृत्य की धूम रही।
कार्यक्रम स्थल पर जनसंपर्क विभाग ने लगाई विकास प्रदर्शनी
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मैहर जिले में भारत पर्व के आयोजन स्थल सरस्वती शिशु मंदिर के परिसर में शुक्रवार को जिला जनसंपर्क कार्यालय सतना एवं जिला पुलिस मैहर के संयुक्त तत्वाधान में ‘’नया भारत नया विधान’’ एवं विकास प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी में नवीन कानून एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित इस प्रदर्शनी में नए कानून के प्रमुख प्रावधानों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी को आकर्षक फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। मैहर जिले की इस भारत पर्व की प्रदर्शनी को विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर रानी बाटड, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश वैश्य, सीएसपी राजीव पाठक, एसडीएम सुरेश जादव, तहसीलदार जितेन्द्र पटेल, जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं भारत पर्व देखने आये नगरवासियों ने मनोयोग से प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
गणतंत्र दिवस की संध्या पर भारत पर्व का आयोजन
मैहर में भी मनाया भारत पर्व, आदिवासी लोक नृत्य और देशभक्ति लोक गीत की रही धूम
गणतंत्र दिवस की संध्या पर मैहर जिले के पहले भारत पर्व के कार्यक्रम में आदिवासी लोक नृत्य और मैहर वाद्य वृन्द सहित देशभक्ति पूर्ण लोक गीतों की धूम रही। मैहर में स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर के कक्ष में आयोजित भारत पर्व में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड, एएसपी मुकेश वैश्य, एसडीएम सुरेश जादव, जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने, तहसीलदार जितेन्द्र पटेल भी उपस्थित रहे।
मैहर जिले के भारत पर्व के कार्यक्रम में संस्कृति विभाग के कलाकार सिंगरौली के नीरज कुमार और उनके साथियों ने आदिवासी लोक नृत्य गुदुंब बाजा प्रस्तुत किया। शासकीय संगीत महाविद्यालय के वाद्य वृन्द के कलाकारों द्वारा बागेश्वरी वंदना का प्रस्तुतिकरण किया गया। रूद्रांश चौरसिया द्वारा सितार पर राग पहाड़ी, संगीत महाविद्यालय की सुजाता सिंह परिहार ने कथक नृत्य और सादर्थ भारती कटनी ने देशभक्ति गीत लोक गीत और मां शारदा वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अपने पुरातन और वैभवशाली संस्कृति, परंपरा का संरक्षण किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस की संध्या में सभी जिलों में संस्कृति विभाग के माध्यम से भारत पर्व के कार्यक्रम में देशभक्ति और लोक कला संगीत के कार्यक्रम प्रस्तुत किये जा रहे हैं। जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने ने सभी मैहर जिलेवासियों को 75वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनायें और बधाई दी।