- पंचायत राज ग्रामीण क्षेत्रों के विकास का सबसे सशक्त माध्यम
- जिले की 6 ग्राम पंचायतों को प्रदत्त कचरा गाड़ियों को दिखाई झंडी

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन में वर्तमान की सबसे बड़ी जरूरत और दिनचर्या का महत्वपूर्ण घटक साबित हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूरे देश में चलाए गए स्वच्छता मिशन के आंदोलन से समाज और देशवासियों के मन में स्वच्छता के प्रति मानसिकता और व्यवहार परिवर्तन हुआ है। स्वच्छता सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश पूरे देश में दूसरे स्थान पर और इंदौर शहर लगातार सातवीं बार नंबर वन स्वच्छ शहर और भोपाल शहर पांचवें स्थान पर रहा है। सतना जिले को ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता के मामले में नंबर वन जिला बनाने का प्रयास करें। राज्यमंत्री श्रीमती बागरी शनिवार को सतना कलेक्ट्रेट परिसर में जिला पंचायत द्वारा स्वच्छता मिशन के तहत जिले की 6 ग्राम पंचायतों में कचरा संग्रहण गाड़ियों के वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद गणेश सिंह ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह परिहार, जिला पंचायत सदस्य सुभाषचंद्र बुनकर, कलेक्टर अनुराग वर्मा, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े, जिला पंचायत के अधिकारी एवं पंचायत के सरपंच, सचिव भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ पंकज सिंह परिहार ने किया।
राज्यमंत्री और सांसद ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि प्रशासन की सबसे मजबूत और मैदानी इकाई ग्राम पंचायत है। सतना जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों की भांति कचरा गाड़ियों से कचरा संग्रहण कार्य में अच्छी मुहिम की शुरुआत हुई है। कचरा प्रबंधन और उसके पुर्नउपयोग के लिए ग्राम पंचायतों द्वारा भी प्रयास किए जाने चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद गणेश सिंह ने कहा कि पंचायती राज ग्रामीण क्षेत्रों के विकास का सबसे बड़ा और सशक्त माध्यम है। स्वच्छ भारत मिशन को ग्रामीण क्षेत्रों में अमलीजामा पहनाने जिला पंचायत सतना द्वारा किया गया नवाचार अनुकरणीय और सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी जनकल्याण की योजनाओं से एक नया भारत और विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होने जा रहा है। स्वछता हमारा सर्वोच्च मिशन है। इसे सफल बनाने के हर स्तर पर प्रयास किए जाने चाहिए। सांसद ने कहा कि ग्राम पंचायतों को दिए गए कचरा वाहन व्यवस्थित रूप से संचालित रहें, इसकी भी कार्य योजना बनानी चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल ने कहा कि जिला पंचायत के महत्वपूर्ण निर्णय के तहत प्रथम चरण में 15वें वित्त आयोग की राशि से 10 ग्राम पंचायतों को प्रथम चरण में कचरा वाहन दिए जा रहे हैं। जिला पंचायत का प्रयास होगा कि जिले की अन्य बड़ी ग्राम पंचायतों में भी यह वाहन उपलब्ध कराए जाएं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह परिहार ने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत 10 ग्राम पंचायतों को कचरा वाहन दिए जा रहे हैं। जिनमें आज 6 ग्राम पंचायत अमरपाटन विकासखंड की ककलपुर, पगरा, झरिया कोपरिहान, मुकुंदपुर, त्योंधरी, पैपखरा और सोहावल विकासखंड की रैगांव ग्राम पंचायत को वाहन दिए जा रहे हैं। सभी ग्राम पंचायतों को इस अभियान में सहयोग देकर सफल बनाएं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े ने बताया कि सामान्य सभा की बैठक के निर्णय अनुसार शहरी क्षेत्रों की तरह ग्राम पंचायतों में भी कचरा संग्रहण केंद्र और कचरा संग्रहण वाहन चलाने के नवाचार के तहत 6 ग्राम पंचायतों को वाहन 15वें वित्त आयोग की राशि से दिए जा रहे हैं। कुल 10 लाख रुपए लागत के कचरा वाहन में 5 लाख जिला पंचायत की 15वें वित्त मद से तथा 5 लाख की अंशदान ग्राम पंचायत द्वारा दिया गया है। सभी ग्राम पंचायतें ओडीएफ प्लस घोषित हैं। आईईसी और व्यवहार परिवर्तन की गतिविधियां पंचायतों में जारी हैं। ग्राम पंचायतों को कहा गया है कि इन वाहनों का संचालन स्व-सहायता समूह के माध्यम से करें तथा चालक, ईंधन और वाहनों के कचरा संग्रहण केंद्र तक लाने-ले जाने की व्यवस्था स्वयं के स्त्रोत अथवा स्वच्छता कर संग्रहण के माध्यम से करेंगे।
मेडीकल कॉलेज का किया निरीक्षण
नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने शनिवार को मेडीकल कॉलेज सतना का निरीक्षण किया। उन्होने कॉलेज के विभिन्न ब्लाक का भ्रमण करते हुये अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से मेडीकल की पढ़ाई के संबंध में चर्चा कर कोर्स की गतिविधियों कें बारे में जानकारी ली। राज्यमंत्री ने मेडीकल कॉलेज प्रबंधन से कहा कि कॉलेज संचालन के लिये जिन भी आवश्यक संसाधन की कमी है, उसकी जानकारी उपलब्ध करायें। संसाधनों की पूर्ति के लिये शासन स्तर से मंजूरी दिलाने का काम किया जायेगा। मेडीकल कॉलेज पहुंचकर राज्यमंत्री ने वहां के स्टाफ एवं स्टुडेंट्स से उनकी समस्यायें जानी और निराकरण का आश्वासन दिया।
सरकार की योजनाओं से सभी क्षेत्रों का हो रहा विकास- राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी
राज्यमंत्री ने नागौद विकासखंड की विकसित यात्रा को किया संबोधित


भारत सरकार और राज्य शासन के निर्देशन में सतना जिले की ग्राम पंचायतों में विकसित भारत संकल्प यात्रा निरंतर जारी है। विकसित भारत संकल्प यात्रा के आयोजन की कड़ी में शनिवार को नागौद विकासखंड अंतर्गत ग्राम अकौना साठिया और मझियारी के कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी शामिल हुईं। उन्होने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प सबका साथ-सबका विकास के पूरा करने आम जनता को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा आयोजित की गई है। केंद्र सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से किया जा रहा है। इस यात्रा से पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। जिन लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, ऐसे व्यक्ति लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन भी कर रहे हैं और उनके आवेदनों का तत्काल निराकरण भी किया जा रहा है। राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने कहा कि सरकार हर कमजोर व्यक्ति का ध्यान रखती है। सरकार उसकी हर संभव मदद कर रही है। प्रधानमंत्री ने पूरे देश का विचार किया है, हर परिवार को शुद्ध पानी मिले, जिससे बीमारियों का प्रकोप कम होता है, इसके लिए जल जीवन मिशन बनाया गया। हर गांव में विकास हो रहा है। घर-घर में नल से पानी मिलेगा। बीमार होने पर इलाज के लिए अस्पताल बनाए गए। आयुष्मान कार्ड बनवाया गया। जिससे बीमार व्यक्ति कहीं पर भी अपना 5 लाख तक निःशुल्क इलाज करवा सकता है। हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने ग्राम पंचायत मझियारी के ग्राम सुजावल में 25 लाख की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक पार्क का भी लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष अल्पना सिंह, अरुणा सिंह, भावना रंजीत सिंह, धनजंय सिंह, राजेश शुक्ला, रामावतार माझी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी आज विभिन्न कार्यक्रमों में होंगी शामिल
नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी 14 जनवरी को प्रातः 10 बजे सर्किट हाउस सतना में जनता दरबार में शामिल होंगी। इसके उपरांत प्रातः 12ः30 बजे सतना में वृंदावन ग्रीन्स होटल उद्घाटन, दोपहर 1 बजे दीनदयाल कोठी रोड में एमजी बिरला अस्पताल का उद्घाटन, दोपहर 3 बजे सुभाष पार्क में राम दरबार शोभायात्रा एवं सायं 7 बजे सर्किट हाउस में जनता दरबार में शामिल होंगी।
राज्यमंत्री ने आमजनों के आवेदनों पर की सुनवाई
नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने शनिवार को सतना प्रवास के दौरान सर्किट हाउस सतना में विभिन्न क्षेत्रों से आये आम नागरिकों के आवेदनों पर जनसनुवाई की। राज्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुये समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होने मौके पर मौजूद अधिकारियों को भी समस्याओं का तत्काल निस्तारण कर आम जन को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
विकसित भारत संकल्प यात्रा जन-जन जोड़ने का काम कर रही- सांसद गणेश सिंह
धनवाही और कैमा के शिविर में शामिल हुये सांसद
सांसद गणेश सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का फायदा हर पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही विकसित भारत संकल्प यात्रा महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो रही है। यह यात्रा गांव-गांव पहुंचकर जन-जन को जोड़ने का काम कर रही है। सांसद गणेश सिंह शनिवार को धनवाही और कैमाउन्मूलन की विकसित भारत संकल्प यात्रा को संबोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि एक समय था जब लोंगो को योजनाओं का लाभ लेने के लिये बहुत कठिनाई का सामना करना पड़ता था। लेकिन आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता से सरकार आपके द्वार तक योजनाओं को लेकर खुद पहुंच रही है। सरकार की योजनाओं से मिले लाभ से आमजन के जीवन में खुशहाली आई है। सांसद श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में किसान, गरीब, महिला और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सभी के पास काम हो, हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली आए और प्रधानमंत्री श्री मोदी का हर सपना साकार हो, इसके लिए सरकार संकल्पित भाव के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी की प्राथमिकता के अनुरूप प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन, फर्टिलाइजर के उपयोग में कमी लाने, विश्वकर्मा योजना सहित स्व-रोजगार के लिए संचालित सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष राजेश रावत, शैलेंद्र शर्मा, सीईओ जनपद प्रतिपाल बागरी सहित स्थानीय प्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित थे।
विकसित भारत संकल्प यात्रा का 15 जनवरी का भ्रमण कार्यक्रम
सतना जिले में 15 जनवरी को विकसित भारत संकल्प यात्रा विभिन्न विकासखंडों के ग्राम पंचायत क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। जिनमें नागौद विकासखंड अंतर्गत बेलगहना, बेला, सोहावल विकासखंड अंतर्गत भरजुनाकला, भरजुनाखुर्द, मझगवां विकासखंड अंतर्गत बरा, डोमहाई, उचेहरा विकासखंड अंतर्गत बड़खेरा, भटनवारा तथा रामपुर बघेलान विकासखंड अंतर्गत ग्राम बीरनई, सिघौली, गुडुहरु और नेमुआ के वार्ड शामिल हैं।
Bhaskar Hindi News