Saturday , October 31 2026
Breaking News

इरफान पठान की भविष्यवाणी, रोहित ने साउथ अफ्रीका में ऐसा कर दिया तो भारतीय क्रिकेट इतिहास में…

नई दिल्ली.
भारत के पूर्व ऑलराउंडर और मशहूर कमेंटेटर इरफान पठान ने कप्तान रोहित शर्मा को लेकर एक धांसू भविष्यवाणी की है। पठान का कहना है कि अगर रोहित ने टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जिता दी तो उनका नाम भारतीय क्रिकेट इतिहास में सबसे ऊपर रखा जाएगा। बता दें कि भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 26 दिसंबर से दो टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होने जा रही है। पहला टेस्ट सेंचुरियन और दूसरा मुकाबला केपटाउन में खेला जाएगा। भारत ने साउथ अफ्रीका में 31 साल में एक भी टेस्ट सीरीज नहीं जीती है।

भारतीय टीम फिलहाल तीन टी20 और तीन वनडे खेलने के लिए साउथ अफ्रीका दौरे पर है। रविवार (10 दिसंबर) को पहला टी20 मैच बारिश में धुल गया। टी20 में भारत की कमान सूर्यकुमार यादव जबकि वनडे में केएल राहुल के हाथों में है। रोहित सिर्फ टेस्ट में कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। स्टार स्पोर्ट्स पर चर्चा के दौरान जब पठान से पूछा गया कि क्या रोहित ने बतौर बल्लेबाज साउथ अफ्रीकी चुनौती के लिए मानसिक रूप से तैयारी शुरू कर दी होगी तो पूर्व ऑलराउंडर ने कहा, ”अगर रोहित साउथ अफ्रीका में जीत दिलाने में सफल रहे तो उनका नाम भारत के क्रिकेट इतिहास में कप्तान और खिलाड़ी के रूप में सबसे ऊपर रखा जाएगा, क्योंकि इन दोनों मैचों में जीत का फॉर्मूला केवल उन्हीं के पास है।”

पठान ने कहा, ”रोहित सलामी बल्लेबाज और कप्तान दोनों हैं। अगर आप नई गेंद खेलेंगे तो आपके अन्य बल्लेबाजों को चमकने का मौका मिलेगा। उन्हें नई गेंद की चमक खत्म करनी होगी।” पठान को भरोसा है कि रोहित साउथ अफ्रीका के लिए भी उतनी ही लगन से तैयारी करेंगे, जैसे उन्होंने इंग्लैंड के लिए की थी। उन्होंने कहा, ”जब वह इंग्लैंड गए तो वह पूरी तैयारी के साथ गए और टेस्ट सीरीज में बेहतरीन बैटिंग की। मुझे लगता है कि आप रोहित शर्मा को आप साउथ अफ्रीका जाने से पहले उसी जुनून के साथ तैयारी करते हुए देखेंगे। रोहित की चुनौती नई गेंद को खेलना, रन बनाना और टीम को आगे ले जाना है।”

पठान ने साथ ही कहा कि विराट कोहली को भी रोहित के साथ जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा, ”वह बहुत सारी जिम्मेदारी निभाने वाले हैं और आपकी टीम में केवल सबसे अनुभवी खिलाड़ी ही इतनी जिम्मेदारी उठाने में सक्षम होते हैं। इस टीम में दो बड़े भाई हैं – रोहित और विराट कोहली। दोनों पर बहुत अधिक निर्भरता होगी।” 36 वर्षीय रोहित ने अपने करियर में अब तक 52 टेस्ट खेले हैं, जिसमें उन्होंने 46.54 के औसत से 3677 रन बनाए। उन्होंने इस फॉर्मेट में 10 शतक और 16 अर्धशतक जमाए हैं।

About rishi pandit

Check Also

ईडन पार्क में अभिषेक-वैभव का तूफान मचाएगा तबाही? न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की बढ़ी टेंशन

नई दिल्ली वेलिंगटन में 199 रनों का लक्ष्य महज 13.2 ओवरों में हासिल कर टीम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *