Raipur chhattisgarh election 2023- 117 star campaigners will give election color to the atmosphere congress bjp have given responsibility to 40-40 leaders and aap has handed over the responsibility to 37 leaders: digi desk/BHN/रायपुर/ छत्तीसगढ़ में प्रथम चरण का मतदान सात नवंबर को होना है। ऐसे में कांग्रेस, भाजपा समेत आम आदमी पार्टी ने स्टार प्रचारकों की सूची तैयार कर ली है। कांग्रेस की सूची में जहां 40-40 नाम हैं, वहीं आप ने भी 37 स्टार प्रचारकों की सूची बनाई है। यानी कुल 117 स्टार प्रचारक माहौल को चुनावी रंग देने के लिए प्रदेश के प्रवास पर रहेंगे।
भाजपा के स्टार प्रचारकों में जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आदि के नाम हैं, वहीं कांग्रेस की सूची में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आदि शामिल हैं। इनके अलावा फिल्मी और क्रिकेट जगत की हस्तियां भी इनकी सूची में शामिल हैं।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रमुख स्टार प्रचारकों का दौरा बस्तर क्षेत्र से शुरू होगा। प्रदेश में पहले चरण का मतदान सात नवंबर को है, जिसमें बस्तर संभाग की 12 व दुर्ग संभाग की आठ सीटों पर मतदान होगा। कांग्रेस-भाजपा के प्रमुख नेता 20 सीटों को साधने के लिए चुनावी सभाएं लेंगे। दौरा कार्यक्रमों को लेकर पार्टी कार्यालय अंतिम रूपरेखा तैयार कर रही है।
घोषणा-पत्र सहित ज्वलंत मुद्दों पर आवाज करेंगे बुलंद
कांग्रेस-भाजपा के नेता पार्टी के घोषणा-पत्र सहित राष्ट्रीय व स्थानीय स्तर के मुद्दे पर चुनावी सभा में अपनी आवाज बुलंद करेंगे। कांग्रेस और भाजपा ने अपना घोषण-पत्र जारी नहीं किया है, जबकि आप ने दिल्ली-पंजाब की तर्ज पर 10 गारंटी की घोषणा कर दी है। 30 अक्टूबर के पहले भाजपा व कांग्रेस दोनों पार्टी का घोषणा-पत्र जारी होने की संभावना है। स्टार प्रचारकों में शीर्ष नेताओं का छत्तीसगढ़ में चुनाव के पहले यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कांग्रेस के प्रमुख स्टार प्रचारक
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे , पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी सहित प्रियंका गांधी वाड्रा, अधीर रंजन चौधरी, अजय माकन, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया , हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आदि शामिल हैं। स्थानीय नेताओं में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज चुनावी सभाएं लेंगे।
भाजपा के प्रमुख स्टार प्रचारक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय संचार मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर. स्मृति ईरानी आदि शामिल हैं। स्थानीय नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे सहित भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, सांसद संतोष पांडे, गुहाराम अजगल्ले, विधायक बृजमोहन अग्रवाल आदि शामिल हैं।
आप के प्रमुख स्टार प्रचार
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, पार्टी के संगठन महासचिव संदीप पाठक, आप राज्यसभा सांसद राघव चड़्ढा, भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया, राज्यसभा सांसद संजय सिंह, दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय व दिल्ली की वर्तमान शिक्षा मंत्री आतिशी का नाम शामिल है। आप ने जेल में बंद मनीष सिसोदिया का नाम भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है।