सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर डॉ. लालता प्रसाद खरे वृद्ध आश्रम में कार्यक्रम आयोजित कर रहवासी वृद्धजनों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर राज्य आनंद संस्थान से असिस्टेंट प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ.के.पी. तिवारी ने बताया कि प्रतिवर्ष 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया जाता है। जिससे दुनिया भर में वृद्धों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार, भेदभाव, उपेक्षा और अन्याय को रोका जा सके। जागरूकता के लिए आयोजित इस दिवस को मनाए जाने के पीछे एक उद्देश्य यह भी है कि वृद्धजनों के प्रति सामाजिक व्यवहार बेहतर हो सके।
मास्टर ट्रेनर आकाश कुमार तिवारी ने वृद्धाश्रम में निवासरत वयोवृद्ध विष्णु नारायण पांडेय, सिद्ध गोपाल पांडेय, केपी यादव, प्रमोद प्रसाद, रामगोपाल सिंह, इंद्रभान सिंह, मंगल सिंह का शाल-श्रीफल से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के ट्रस्टी जितेंद्र जैन ने कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन केपी शर्मा एडवोकेट के द्वारा किया गया।
रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु प्लेसमेंट ड्राइव 3 से 6 अक्टूबर तक
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि जिला रोजगार कार्यालय सतना एवं शासकीय आईटी द्वारा 3 अक्टूबर से 6 अक्टूबर 2023 तक जिले में स्थित समस्त आईटीआई में एसआईएस सिक्योरिटी सर्विस का एक दिवसीय प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किया जा रहा है। जिसमें सिक्योरिटी गार्ड के लिए 10वीं पास/फेल तथा सुपरवाइजर हेतु 12वीं पास 21 से 37 वर्ष के बेरोजगार युवा मूल दस्तावेज के साथ अलग-अलग स्थानों पर निर्धारित तिथियों को प्लेसमेंट ड्राइव में भाग ले सकते हैं। निर्धारित कार्यक्रमानुसार 3 अक्टूबर को शासकीय आईटीआई रामपुर कार्य स्थल शासकीय महाविद्यालय रामपुर बघेलान, 4 अक्टूबर को शासकीय आईटीआई अमरपाटन, 5 अक्टूबर को शासकीय आईटीआई उचेहरा तथा 6 अक्टूबर को शासकीय आईटीआई बिरसिंहपुर एवं जिला रोजगार कार्यालय सतना में यह एक दिवसीय प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किया जायेगा।
जिले में अब तक 602.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
जिले में इस वर्ष 1 जून से 2 अक्टूबर 2023 तक 602.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख सतना से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक जिले की सतना (रघुराजनगर) तहसील में 695.9 मि.मी., सोहावल (रघुराजनगर) में 427.1 मि.मी., बरौंधा (मझगवां) में 533.3 मि.मी, बिरसिंहपुर में 527.5 मि.मी., रामपुर बाघेलान में 534 मि.मी., नागौद में 982.4 मि.मी., जसो (नागौद) में 435.5 मि.मी., उचेहरा में 702 मि.मी. मैहर में 392 मि.मी., अमरपाटन में 747 मि.मी. तथा रामनगर तहसील में 651 मि.मी. औसत वर्षा अब तक दर्ज की जा चुकी है। जिले की औसत सामान्य वर्षा 1039.7 मि.मी. है। गत वर्ष इस अवधि तक जिले में औसत वर्षा 810.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की जा चुकी थी।
ईव्हीएम प्रदर्शन केन्द्रों में 120 लोगों ने किया मॉक पोल
जिले में विधानसभा स्तर पर ईव्हीएम का प्रदर्शन किया जा रहा है। सोमवार को जिले की 7 विधानसभा क्षेत्रों में 120 लोगों ने मॉकपोल किया गया। जिसमें सतना के संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में 25, रैगांव के तहसील कार्यालय कोठी में 10, तहसील मझगवां कार्यालय में 27, अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय नागौद में 15, अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय मैहर सभाकक्ष में 10, अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय अमरपाटन 15 एवं अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय रामपुर बघेलान में 18 सहित कुल 120 लोगों ने मॉक पोल किया।
Bhaskar Hindi News