सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ रामनगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग दुष्कर्म का शिकार हो गई। उसके रिश्ते के जीजा और उसके साथी ने ही बीच रास्ते में उसे दबोच लिया और गैंग रेप की कोशिश की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक रामनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को रक्षा बंधन के रोज अपने भाई की कलाई में राखी सजाने की तैयारी में लगी 13 वर्षीय नाबालिग दरिंदगी का शिकार हो गई। उसके साथ रिश्ते के जीजा संजीव कोल ने ही घिनौनी हरकत की। इस काम मे उसका साथ स्वामी कोल ने भी दिया।
बताया जाता है कि बुधवार को पीड़िता अपनी एक सहेली के साथ राखी और मिठाई लेने बाजार गई थी। लौटते वक्त एक सुनसान जगह पर संजीव कोल पिता रामस्वरूप (32) और स्वामी कोल पिता भूरा कोल (22) ने घेर लिया। आरोपियों ने दोनों लड़कियों के साथ छेड़खानी शुरू कर दी और पकड़ कर ले जाने लगे।
इस दौरान मौका पा कर पीड़िता की सहेली वहां से भाग निकली जबकि पीड़िता को पकड़ कर उसका जीजा अपने साथी स्वामी के घर ले गया जहां संजीव ने उसके साथ दुष्कर्म किया। यही घिनौनी हरकत स्वामी भी करने वाला था कि इसी बीच उसकी बहन घर पहुंच गई। आरोपी पीड़िता को छोड़ कर अलग हुए तो वह वहां से भाग गई।
उधर, पीड़िता की सहेली ने घर पहुंच कर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी तो परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े थे। पीड़िता उन्हें रास्ते मे ही मिल गई। घटना की शिकायत रामनगर थाना में दर्ज कराई गई। पुलिस ने आईपीसी की धारा 342, 363, 354, 366 ए, 376 (डी) (ए) व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Bhaskar Hindi News