Sunday , May 5 2024
Breaking News

Satna: सतना नगर निगम के वार्ड 43 के उपचुनाव में कांग्रेस के कब्जा, कोटर में भाजपा की जीत


सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ सतना नगर निगम के वार्ड 43 के लिए हुए उप चुनाव में बेटे ने पिता की विरासत बचाते हुए जीत दर्ज की है। इस वार्ड पर कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा है जबकि कोटर नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी को विजयश्री मिली है।

सतना के वार्ड नंबर 43 के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस के दिवंगत पार्षद उमेश मलिक के पुत्र सौरव मलिक गोल्डी ने बड़ी जीत दर्ज कर इस वार्ड पर न केवल कांग्रेस का कब्जा बरकरार रखा है बल्कि अपने पिता की विरासत भी बचाई है। सौरव ने भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र दाहिया को 709 वोटों के बड़े अंतर से हराया। कांग्रेस के सौरव को 1275 और भाजपा के राजेन्द्र को 566 वोट मिले। बसपा प्रत्याशी भैयालाल चौधरी को 219 मत प्राप्त हुए। जबकि निर्दलीय हिन्छलाल सूर्यवंशी को 18 एवं रामजी को 35 मत प्राप्त हुए। लोगों ने नोटा के खाते में भी 11 वोट डाले। सौरव मलिक गोल्डी को वार्ड 43 का नया पार्षद निर्वाचित घोषित किया गया है।

यह पद सौरव के पिता उमेश मलिक के निधन के कारण रिक्त हुआ था। भाजपा ने इस सीट को जीतने के लिए ताकत झोंकी थी लेकिन फिर भी सफलता उससे दूर रही। भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र दाहिया इसके पूर्व सौरव के दिवंगत पिता उमेश से भी पराजित हुए थे, अब बेटे ने भी उन्हें हराया है।

कोटर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 11 में भाजपा प्रत्याशी दीपा सुरेश पयासी ने जीत हासिल की। दीपा ने कांग्रेस प्रत्याशी इन्द्रकली भइयालाल शुक्ला को 38 मतों से हराया। दीपा को 142 और इन्द्रकली को 104 वोट मिले जबकि रानी नामदेव को मात्र 7 मत ही हासिल हुई। एक वोट नोटा की झोली में भी आया। पूर्व में इस वार्ड से निर्वाचित पार्षद ने शासकीय सेवा में चयन हो जाने के कारण त्याग पत्र दे दिया था।

कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना

उपचुनाव के लिए मतदान 13 जून को कराया गया था। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच हुई मतगणना के दौरान कलेक्टर अनुराग वर्मा एवं एसडीएम नीरज खरे भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने नवनिर्वाचित पार्षद को प्रमाण पत्र प्रदान किया।

About rishi pandit

Check Also

Satna: 80 गौवंश से भरा कंटेनर पुलिस ने पकड़ा, ड्राइवर-क्लीनर भागे

एनएच-30 पर बजरंग दल की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई मैहर, भास्कर हिंदी न्यूज़/ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *