Saturday , April 27 2024
Breaking News

MP: मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में 2 हजार रूपये की बढ़ोतरी


किसान कल्याण महाकुंभ में प्रदेश के किसानों के खाते में 6456 करोड़ रुपए अंतरित


    भोपाल/सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मुख्यातिथ्य में राजगढ़ जिले के मोहनपुरा में आयोजित किसान कल्याण महाकुंभ में प्रदेश के किसानों के खाते में 6456 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर लाडली बहनों और किसानों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की मिलने वाली राशि में 2 हजार रूपये की बढ़ोतरी कर इसे 6 हजार रूपये सालाना करने की घोषणा की। किसान कल्याण महाकुंभ का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय और जिले की 156 सहकारी समितियों में समारोह पूर्वक लाइव देखा और सुना गया।
      कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 में अर्थव्यवस्था के मामले में भारत का स्थान दुनिया में 10वां या 11वां होता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हर क्षेत्रों में देश की प्रगति से वर्तमान में भारत का स्थान दुनिया में पांचवा हो गया है। आगामी वर्ष 2027 तक भारत दुनिया के टॉप थ्री देशों में अपना स्थान बनाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश राज्य की प्रगति और विकास में करिश्माई कार्य कर रहे हैं।
      मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम को लाडली बहनों एवं किसानों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और बहनों के सम्मान में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि किसानों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साल में 6 हजार रूपये प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना में दे रहे हैं। उन्हीं किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में राज्य सरकार भी 4 हजार रूपये दे रही है। अब मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में भी किसानों को मिलने वाली राशि में 2 हजार रूपये की बढ़ोतरी की जा रही है। ताकि अब किसानों को दोनों योजनाओं से मिलाकर सालाना 12 हजार रूपये की राशि खाते में मिलेगी।
      राजगढ़ जिले के मोहनपुरा में आयोजित किसान कल्याण महाकुंभ के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने प्रदेश के किसानों के खाते में सिंगल क्लिक से 6456 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। इसमें मुख्यमंत्री कृषि ब्याज माफी योजना के तहत 11 लाख से अधिक किसानों को 2 हजार 123 करोड़ रुपए की ब्याज माफी राशि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 2 हजार 933 करोड रुपए और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में 70 लाख किसानों को 1 हजार 400 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की।

प्राकृतिक खेती और मोटे अनाज की ओर आगे आए किसान

किसान कल्याण महाकुंभ के जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद सतना श्री गणेश सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर के किसानों को केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 6456 करोड़ रुपए की राशि खाते में डाल रहे हैं। किसानों के लिए यह दिन ऐतिहासिक दिन है।
    सांसद श्री सिंह ने कहा कि दुनिया में सबसे अधिक मोटे अनाज का उत्पादन भारत में होता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मोटे अनाजों को स्वास्थ्य और पोषण के लिए हितकर गुणों को देखते हुए इसे श्री अन्न नाम दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे देश के परंपरागत अनाज की वर्तमान में कीमत भी अच्छी मिलती है। उन्होंने जिले के किसानों से अपील की कि वह प्राकृतिक खेती और मोटे अनाजों के उत्पादन के लिए आगे बढे। अनाज की मार्केटिंग सुविधा सरकार दे रही है।
       जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल ने इस अवसर पर कहा कि हमारे सभी किसान भाई खेती तो करते हैं। लेकिन फसल का बीमा नहीं कराते। उन्होंने सभी किसानों से फसल बीमा जरूर कराने की अपील की। ताकि प्राकृतिक प्रकोप में फसल नष्ट होने पर नुकसान की भरपाई की जा सके। उन्होंने कहा कि चालू वर्ष मोटे अनाज का है हमारे जिले की पतरूआ जमीन इसके लिए उपयुक्त है। उन्होंने बाजरा, कोदो, कुटकी, ज्वार, काकुन, मक्का, समा आदि मोटे अनाजों की खेती के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह, कृषि समिति के सभापति महेंद्र सिंह, रमाशंकर पयासी, धर्मेंद्र सिंह बराज, कलेक्टर अनुराग वर्मा, सीईओ जिला पंचायत डॉ. परीक्षित झाड,़े उप संचालक कृषि मनोज कश्यप, उप पंजीयक सहकारिता के पटनाकर, सहकारी बैंक के सीईओ सुरेश चंद्र गुप्ता, परियोजना संचालक आत्मा राजेश त्रिपाठी सहित कृषि विभाग के अधिकारी और किसान उपस्थित थे।

सतना जिले के 17529 किसानों को 37.96 करोड़ की ब्याज माफी

राजगढ़ जिले में आयोजित किसान कल्याण महाकुंभ के कार्यक्रम में प्रदेश के किसानों को 2123 करोड रुपए की राशि अंतरित की गई है। जिनमें सतना जिले के 156 सेवा सहकारी समितियों के पात्र 17529 किसानों की 37.96 करोड़ रुपए की ब्याज माफी हुई है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में खरीफ 2021 में 45684 किसानों ने बीमा कराया था। जिसमें 7806 किसानों को 2.38 करोड़ और रबी वर्ष 2021-22 में 45582 बीमित किसानों में से  27839 किसानों को 12 करोड़ 69 लाख रूपये फसल बीमा दावा राशि प्राप्त हुई है। कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह ने प्रतीक स्वरूप 7 किसानों को बीमा दावा राशि के स्वीकृत पत्रक वितरित किए। इनमें डेलौरा की गीता देवी को 19381 रुपए, बिहरा की आरती द्विवेदी को 15568, उमरहट के शिवेंद्र प्रताप सिंह को 96482 रूपये, गुलुआ के अविनाश सिंह को 41576, डेलौरा के जितेन्द्र बागरी को 26459, गुलुआ के लालजी गर्ग को 50201 और दिदौंध की निर्मला सिंह को 35271 रूपये की दावा राशि प्राप्त हुई है।

केंद्र सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धि आधारित पुस्तिका का विमोचन

किसान कल्याण महाकुंभ के जिला स्तरीय कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल ने केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर सतना जिले में उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया। सांसद श्री सिंह ने बताया कि जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर 16 जून से महा संपर्क अभियान भी शुरू किया जाएगा। सतना जिले में केंद्र सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को दर्शाती एक पुस्तिका का विमोचन भी किया है। उन्होंने महा जनसंपर्क अभियान का टोल फ्री नंबर 9090902024 पर मिस्ड कॉल देकर अपनी प्रतिक्रियाएं भी भेजने की अपील की।

About rishi pandit

Check Also

सिंधिया शिवपुरी में बोले- 65 साल में कांग्रेस ने कुछ नहीं किया, 10 साल में मोदी ने तस्वीर बदल दी

 शिवपुरी केंद्रीय मंत्री और गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *