Tuesday , May 21 2024
Breaking News

MP: गोलीकांड में भाजयुमो उपाध्यक्ष के पिता और भाई की मौत

MP dewas crime bjym vice presidents father and brother killed in firing in gola guthan village: digi desk/BHN/देवास/ देवास जिले के सतवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोला गुठान में आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष से गोलियां चली, जिसमें दूसरे पक्ष के दो लोगों की मौत हो गई। मरने वाले भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष के पिता और चचेरे भाई हैं। दोनों ही पक्ष जाट समाज से हैं और शनिवार को लाड़ली बहना कार्यक्रम के दौरान पंचायत में विवाद हुआ था, जिसके बाद रविवार सुबह विवाद बढ़ा और आरोपित पक्ष से एक व्यक्ति ने गोलियां चलाईं। घटना में एक व्यक्ति घायल भी है।

आपसी रंजिश के चलते हुए था विवाद

देवास जिले सतवास के ग्राम गोलागुठान में दो परिवार के बीच आपसी रंजिश के चलते विवाद हो गया। बात इतनी बिगड़ गई कि आरोपित वरुण देदड़ ने दूसरे पक्ष के राजेश उर्फ राजू गोदारा, कैलाश गोदारा और सुनील पर गोलियां चला दी। घटना में भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष अनिल गोदारा के पिता कैलाश और चचेरे भाई राजू की मौत हो गई। जबकि सुनील उर्फ सोनू घायल है, जिसे इंदौर रेफर किया गया है। यह विवाद आपसी व पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।

कार्यक्रम में भी हुई थी बहस

सूत्रों के अनुसार शनिवार को गांव की पंचायत में लाड़ली बहना कार्यक्रम के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोपित पक्ष कांग्रेस समर्थित है और आरोपित की दादी गांव की सरपंच बताई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान आरोपित पक्ष ने भाजपा का नाम लेने पर कैलाश गोदारा से बहस भी की थी। इसी बात को लेकर रविवार को दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष से गोलियां चलाई गईं।

आरोपित के घर चला बुलडोजर

इधर घटना के बाद आक्रोशित स्वजन ने जमकर हंगामा किया। मृतक राजू के पिता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आरोपित आदतन अपराधी हैं। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपित के घर बुलडोजर नहीं चलेगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। जानकारी के अनुसार बाद में आरोपित के घर को बुलडोजर से ढहा दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का वीडियो भी आया

इधर घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सतवास के अलावा अन्य थानों से भी पुलिसबल को व्यवस्था के लिए भेजा गया। देवास से एएसपी मंजीतसिंह चावला भी मौके पर पहुंचे। इधर घटना को लेकर फेसबुक पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के वीडियो को सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी ने शेयर किया। वीडियो में शर्मा कहते हुए दिख रहे हैं कि देवास के सतवास मंडल में लाड़ली बहना योजना के शुभारंभ का जश्न मना रहे भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह से बौखलाए कांग्रेसी गुंडे ने हमारे कार्यकर्ता के पिता और भाई की हत्या कर दी। मध्य प्रदेश में ये अपराधी किसी भी कीमत पर नहीं बख्शे जाएंगे।

रिकार्ड खंगाल रहे हैं

एसडीओपी कन्नौद ज्योति उमठ ने बताया कि दो पक्षों में विवाद में फायरिंग व अन्य हथियारों का उपयोग हुआ है। घटना में दो लोगों की मौत हुई है। मृतक के स्वजन से चर्चा हुई है। दो आरोपितों को राउंड अप किया है। साथ ही साक्ष्य जुटा कर उचित कारवाई की जा रही है। आरोपितों के पिछले रिकार्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

About rishi pandit

Check Also

MP: रेलवे स्टेशन पर चले हथियार, पानी की बोतल का अधिक दाम वसूलने पर हुआ विवाद, तीन यात्री गंभीर घायल

Madhya pradesh shajapur weapons fired at railway station in shajapur: digi desk/BHN/ शाजापुर/ शाजापुर जिले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *