Thursday , May 2 2024
Breaking News

MP: मध्यप्रदेश में आतंकवाद पनपने नहीं देंगे-मुख्यमंत्री श्री चौहान

  • धर्मांतरण का प्रयास करने वाले संगठन पर की गई प्रभावी कार्रवाई
  • आम नागरिकों और किसानों के कल्याण के लिए राज्य सरकार कटिबद्ध
  • मुख्यमंत्री श्री चौहान ने टीवी न्यूज चौनल प्रतिनिधियों से की चर्चा


भोपाल/सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश की धरती पर धर्मांतरण नहीं होने दिया जाएगा। धर्मांतरण के प्रयास करने वाले संगठनों पर प्रभावी कार्रवाई की गई है। आतंकवाद को कुचलने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज स्मार्ट उद्यान में टीवी न्यूल चौनल प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण के प्रयासों में लिप्त पाए गए संगठन के सदस्यों के विरूद्ध कार्रवाई की गई है। हिज्ब उत तहरीर संगठन के सदस्य कोचिंग सेंटर चलाने, ऑटो ड्राइवर और दर्जी के रूप में कार्य कर धर्मांतरण के प्रयास कर रहे थे। रायसेन जिले के वन क्षेत्र में ये ट्रेनिंग कैंप भी चलाते थे। प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक और राज्य में 10 लोगों की धरपकड़ हुई है। तेलंगाना से भी ऐसे संगठन के सदस्यों को पकड़ा गया है। एटीएस द्वारा तत्परता से कार्रवाई की गई है। ऐसे तत्वों को जड़ से समाप्त किया जाएगा। इनका पैटर्न धर्मांतरण और आतंकवाद फैलाना है। इनको ऐसे प्रयास में सफल नहीं होने दिया जाएगा। गैर कानूनी कार्य करने वाले तत्वों के विरूद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे। पूर्व में भी नक्सली, दस्युओं और आतंकी गतिविधियों में लिप्त अपराधियों को पकड़ा गया है, आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में किसानों को बड़ी सौगात के रूप में ब्याज माफी का लाभ दिया जा रहा है। पूर्व सरकार द्वारा ऋण माफी का वादा कर किसान को ऋण ग्रस्त और डिफाल्टर बनाया गया। ऐसे किसानों की ब्याज की राशि का भुगतान राज्य सरकार करेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान में अभी तक हल किए गए प्रकरणों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि अभियान में आम जनता से जुड़े छोटे-छोटे कार्यों जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, बँटवारा, अविवादित नामांतरण, विभिन्न प्रमाण-पत्रों को उपलब्ध कराने, बिजली पेयजल कनेक्शन देने के लिए 31 मई तक शहरी क्षेत्र के वार्ड और ग्रामों में शिविर लगाए जायेंगे।

प्रदेश में कुशवाहा समाज कल्याण बोर्ड बनेगा, अध्यक्ष को मिलेगा मंत्री दर्जा-मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सागर में कुशवाहा समाज के संभागीय सम्मेलन में 10 करोड़ रूपये की लागत से लव कुश मंदिर और धर्मशाला निर्माण की घोषणा की। मंदिर के लिए 5 करोड़ और धर्मशाला के लिए 5 करोड़ रूपये राज्य सरकार द्वारा दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने स्थल चयन के लिए कुशवाहा समाज को जिम्मेदारी सौपी। जो स्थान चयनित होगा, उसी स्थल पर एक छात्रावास भी बनेगा। साथ ही मुख्यमंत्री  श्री चौहान ने मध्यप्रदेश में कुशवाहा समाज कल्याण बोर्ड के गठन की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि बोर्ड के अध्यक्ष को मंत्री का दर्जा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज सागर में अखिल भारतीय कुशवाहा समाज के संभाग स्तरीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह शामिल हुए।
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ऐसे युवा जिनको पढ़ाई के बाद रोजगार उपलब्ध नहीं हुआ है, उनको काम सीखने के लिए स्थान तय किए जा रहे है, जिससे वे कार्य सीख कर किसी उद्योग-धंधे में लग सके। काम सीखने के दौरान उन्हें 8 हजार रूपये प्रतिमाह दिया जाएगा। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने सागर जिले के लिए 865 करोड़ 91 लाख रूपये की 3 नल-जल योजनाओं का भूमि-पूजन किया। नल-जल समूह योजना से 520 ग्रामों में पाइप लाइन बिछा कर घर-घर पानी पहुँचाया जायेगा। इनमें 202 करोड़ 99 लाख रूपये की सानौधा-मढ़िया जल-प्रदाय योजना शामिल है, जिसके पूरा होने पर 77 ग्राम लाभान्वित होंगे। सानौधा-बंडा जल-प्रदाय से 56 गाँव के घरों को लाभ मिलेगा। योजना की लागत 166 करोड़ 67 लाख रूपये आयेगी। देवरी-केसली जल-प्रदाय योजना से क्षेत्र के 387 गाँवों को लाभ मिलेगा, जिसकी लागत 496 करोड़ 25 लाख रूपये है।
   मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कुशवाहा समाज मेहनती और परिश्रमी हैं, जो खून-पसीने की कमाई से अपना जीविकोपार्जन करता है। समाज का इतिहास गौरवशाली है। इस समाज के अनेक साम्राज्य रहे, जिन्होंने सेवा-भावना से कार्य किया और सभी समाजों का कल्याण किया। स्वतंत्रता सग्राम में योगदान देने के साथ ही अंग्रेजों के छक्के भी छुड़ायें। देश सेवा में सर्वस्व न्यौछावर करने में कोई कसर समाज ने नहीं छोड़ी। वास्तव में कुशवाहा समाज देशभक्त समाज है, जिसने अन्य समाजों का कल्याण भी किया है।
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमारी सरकार ने रहली में उद्यानिकी महाविद्यालय खोलने की पहल की है, जिसकी प्रकिया चल रही है। उन्होंने कुशवाहा समाज का आह्वान किया कि वे अपने प्रतिभाशाली बच्चों की बेहतर पढ़ाई की दिशा में प्रयास करें। मेडिकल, इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रतिभाशाली गरीब बच्चों का प्रवेश होने पर उनकी फीस राज्य सरकार भर रही है। मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी हिन्दी में कराने की शुरूआत की गई है। अब मध्यप्रदेश में प्राइवेट स्कूलों से अच्छे सीएम राइज स्कूल बन रहे है। सरकार ने अब सरकारी स्कूल से निकले बच्चों को मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए 5 प्रतिशत सीटे आरक्षित करने का निर्णय लिया है। महिलाओं के उत्थान के दिशा में भी सरकार ने अनेक कार्य किए है। लाड़ली लक्ष्मी, मुख्यमंत्री कन्या विवाह और लाड़ली बहना योजना को लागू कर महिलाओं को आर्थिक रूप के संपन्न बनाने की सार्थक पहल की गई है। मुख्यमंत्री ने कुशवाहा समाज से आग्रह किया कि  वे अपने बच्चों को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना का लाभ दिलवाये। शुरूआत में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने तीन समूह नल जल योजना के भूमि-पूजन के बाद 11 महिलाओं को प्रतिकात्मक रूप कलश भेंट कर रवाना किया। उन्होंने कुशवाहा समाज के अराध्य देव लव कुश के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कन्या-पूजन कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कुशवाहा समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया।
   उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐसे समाजों को पहचान दी है, जिन्हें आगे आने का कभी मौका नहीं मिलता था। श्री कुशवाहा ने महान समाज सुधारक ज्योति बा फुले की जयंती पर ऐच्छिक अवकाश घोषित करने पर मुख्यमंत्री को समाज की ओर से धन्यवाद दिया। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि माता सावित्री बाई फुले की जीवनी को पाठयक्रम में शामिल करने और उनकी जयंती पर शासकीय कार्यक्रम करने की दिशा में भी कार्यवाही की गई है। अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के अध्यक्ष श्री जे.पी. वर्मा एवं कुशवाहा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाहा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। संयोजक अर्जुन पटेल ने स्वागत भाषण दिया। लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह, राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, जिले के प्रभारी एवं सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया, सांसद राजबहादुर सिंह, विधायकद्वय शैलेन्द्र जैन एवं प्रदीप लारिया, ललितपुर के विधायक रामरतन कुशवाहा, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, खनिज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह मोकलपुर, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत, बीज निगम के उपाध्यक्ष राजकुमार कुशवाहा, पशुधन कुक्कुट विकास निगम के उपाध्यक्ष नंदराम कुशवाहा, कुशवाहा समाज की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष श्रीमती राधा कुशवाहा, प्रदेश मंत्री प्रभुदयाल कुशवाहा सहित जन-प्रतिनिधि, कुशवाहा समाज के पदाधिकारी और संभाग के सभी जिलो से आये कुशवाहा समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

लाड़ली बहनों ने बाँधी राखी

मुख्यमंत्री श्री चौहान के सागर प्रवास के दौरान लाड़ली बहनों ने स्वागत-सम्मान कर राखी बाँधी और उनके साथ सेल्फी ली। जिले की सभी बहनें मुख्यमंत्री श्री चौहान का लाड़ली बहना योजना लागू करने के लिये आज मुख्यमंत्री से मिली और उन्हें महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की पहल पर धन्यवाद दिया।

About rishi pandit

Check Also

Satna: पुलिस महानिदेशक ने UPSC में चयनित काजल सिंह को किया सम्मानित

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने भोपाल स्थित कार्यालय में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *