
कटनी,भास्कर हिंदी न्यूज़/ कटनी में होली के त्योहार के जश्न के बीच कुछ लोगों ने एक परिवार की खुशियां तबाह कर दीं। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के पौड़ी पिपरिया गांव में डीजे बजाने से मना करने पर उपजे विवाद में आधा दर्जन लोगों ने एक युवक पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल लाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक फरार है। विवाद में दोनों पक्ष के लोगों भी घायल हुए हैं। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
ऐसे हुई घटना
विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी विजय सिंह बघेल ने बताया कि पौड़ी पिपरिया गांव में डीजे बजाने से मना करने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरु हो गया। दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश भी चली आ रही थी। विवाद के दौरान पौड़ी पिपरिया गांव निवासी निवासी प्रहलाद सिंह पिता रामखिलावन सिंह पर धीरज सिंह, गणेश सिंह, नीरज सिंह, मान सिंह, संपत्त सिंह, नरेन्द्र सिंह ने चाकू से हमला कर दिया। स्वजन गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल लेकर आये जहां उसकी मौत हो गई।
ये हुए घायल
इस विवाद में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। जिसमें पुष्पेन्द्र पिता फूलचन्द सिंह, राघवेन्द्र पिता फूल चंद सिंह, अवतार पिता फूल चंद सिंह, सन्तोष पिता नोने सिंह, राजेश पिता चन्द्र भान सिंह, भूपेन्द्र सिंह घायल भी हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में गणेश सिंह, नीरज सिंह, मान सिंह, संपत्त सिंह, नरेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वही धीरज सिंह फरार हो गया है। जिसकी तलाश पुलिस टीम कर रही है।