छतरपुर. भास्कर हिंदी न्यूज़/ अपने बयानों से लगातार चर्चा में बने रहने वाले पूर्व विधायक आरडी प्रजापति के तीन वाहनों से पुलिस ने हूटर उतरवाए हैं। पुलिस की ओर से कहा गया है कि हूटर बिना परमिशन के ही वाहनों पर लगाए गए थे। यहां बता दें, आरडी प्रजापति चंदला से भाजपा विधायक राजेश प्रजापति के पिता हैं। वे सबसे पहले ओबीसी महासभा के कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष खजुराहो सांसद वीडी शर्मा पर बयान देकर सुर्खियों में आए थे। इसके बाद भी पूर्व विधायक लगातार अपने बयानों में सुर्खियों में बने रहते हैं।
एक दिन पहले घर के बाहर पुलिस गई
यहां बता दें, रविवार देर शाम को भी पूर्व विधायक आरडी प्रजापति के छतरपुर शहर में पेप्टेक टाउन स्थित घर के बाहर पुलिस गई थी। हालांकि कुछ देर बाद पुलिस बल वापस आ गया था। रविवार को पूर्व विधायक के घर के बाहर पुलिस उस समय गई थी, जब इस घटनाक्रम से कुछ देर पहले गढ़ा गांव में भीम आर्मी की रैली पहुंची थी। पुलिस अफसरों की ओर से इसे अहतियातन कार्रवाई बताया जा रहा है। वहीं वाहनों से हूटर उतरवाने की बात पर पुलिस की ओर से कहा गया है कि इस तरह की कार्रवाई दूसरे वाहनों पर भी की जाती है।