
सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई जन सुनवाई में अपर कलेक्टर संस्कृति जैन और संयुक्त कलेक्टर सुरेश जादव ने जिले के विभिन्न अंचलो से अपनी समस्याओं का आवेदन लेकर आये आवेदकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के संबंध मे अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में कुल 85 आवेदन प्राप्त हुये।
जनसुनवाई में जमीन का सीमांकन कराने, अनुकंपा नियुक्ति, गरीबी रेखा में नाम जोड़ने, गरीबी रेखा से नाम काटने, खाद्यान पात्रता पर्ची, दाखिल-खारिज कराने, धान उपार्जन का भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजना, अवैध कब्जा हटाने, राशन कार्ड बनाने, विद्युत समस्या, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, जमीन का कब्जा दिलाने, चिकित्सा सहायता, रोजगार दिलाने, भरण-पोषण और संबल योजना के लाभ संबंधी आवेदन लेकर आवेदक जनसुनवाई में पहुंचे। अपर कलेक्टर ने आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर समस्याओं के त्वरित निस्तारण करने के संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने सुनी जनसमस्यायें

प्रदेश के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार), पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल ने मंगलवार को अमरपाटन स्थित निवास में विभिन्न ग्रामीण अंचलों एवं दूर-दराज क्षेत्रों से आये लोंगो से मुलाकात की और उनकी समस्याओं पर सुनवाई की। राज्यमंत्री श्री पटेल ने आवेदकों की समस्याओं को बेहद संजीदगी से सुना तथा संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क स्थापित कर आवेदकों की समस्याओं के निस्तारण के लिये निर्देशित किया। उन्होने अधिकारियों को समस्याओं पर गंभीरता पूर्वक उचित कार्यवाही करने के भी निर्देश दिये। राज्यमंत्री श्री पटेल ने आवेदकों को समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया और कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि जनता की जो भी जायज समस्याएं हां उनका तय समय मे समाधान किया जाये।
25 जनवरी को मनाया जायेगा राष्ट्रीय मतदाता दिवस
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 13वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी 2023 को मनाया जायेगा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला एवं बूथ लेवल पर मतदाताओं को जागरुक करने विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संस्कृति जैन ने जिले की समस्त विधानसभाओं के निवार्चक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरुप प्रजातंत्र में मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करनें एवं जागरुक करने के लिये मतदाता दिवस आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 13वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन प्रत्येक मतदान केंद्र स्तर पर दोपहर 12ः30 बजे से 1ः30 तक किया जायेगा।
Bhaskar Hindi News