कटनी, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कटनी के कुठला थाना क्षेत्र के कैलवारा निवासी एक युवती 2019 से लापता थी। उसे एक युवक भगाकर ले गया था। तीन साल बाद युवती का शव मुंबई के धारावी क्षेत्र में मिला है। परिजन का कहना है कि उसकी हत्या हुई है। आरोपी अपना धर्म छिपाकर अशोक के नाम से रह रहा था। धारावी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
लव जिहाद का मामला
विहिप के प्रांत विधि सदस्य व अधिवक्ता जुगराज सिंह ने बताया कि कुठला थाना क्षेत्र के कैलवारा निवासी यशोदा खटीक नवंबर 2019 से अपने घर से लापता थी। इसकी सूचना कुठला पुलिस को देने पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। उनका कहना है कि रहमत मुसलमान नाम का युवक लव जिहाद में फंसाकर उसे मुंबई ले गया था। पांच जनवरी को धारावी थाना क्षेत्र में एक युवती का शव मिला। युवती के परिजन को पुलिस के माध्यम से सूचना मिली, जिसके बाद परिजन जुगराज सिंह के साथ धारावी पहुंचे।
जुगराज का कहना है कि धारावी पुलिस से जानकारी मिली कि युवती कुठला क्षेत्र के ही रहमत मुसलमान नाम के युवक के साथ भागकर आई थी। रहमत वहां पर अशोक के नाम से रह रहा था। आरोपी के विरुद्ध पहले तो धारावी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। लेकिन विहिप के प्रदर्शन व दबाव के बाद हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। मृतका का मुंबई में ही अंतिम संस्कार किया गया।