रीवा, भास्कर हिंदी न्यूज़/ प्रेमिका को बेरहमी से पीटने वाले मुख्य आरोपी पंकज त्रिपाठी (24) को उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर से शनिवार देर रात एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं वीडियो बनाने और प्रसारित करने वाले साथी भारत साकेत को गांव से पकड़ लिया गया था। दोनों को मऊगंज कोर्ट में पेश किया है। जहां दोनों को जेल भेज दिया गया है।
इसके बाद पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने मुख्य आरोपी पंकज त्रिपाठी के अतिक्रमण कर बने मकान को बुलडोजर से ढहा दिया है। युवती से पिटाई के मामले में एसपी नवनीत भसीन ने महिला संबंधी अपराध में लापरवाही बरतने वाली थाना प्रभारी निरीक्षक श्वेता मौर्या को रविवार दोपहर निलंबित कर दिया है।
इधर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा कि महिलाओं पर अत्याचार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने पंकज त्रिपाठी का ड्राइवर लाइसेंस निरस्त करने का आदेश दिया है।
ये है पूरा मामला
21 दिसंबर की दोपहर युवती को पंकज (24) मऊगंज कस्बे से 20 किलोमीटर दूर ढेरा गांव ले गया था। वहां उसने शादी की किसी बात को लेकर प्रेमिका को जानवरों जैसा पीटा था। बेहोश होने तक युवती के चेहरे पर लात मारता रहा। जब युवती अधमरा हो गई, तब वह शांत हुआ। इसका वीडियो भारत साकेत बनाता रहा।
वारदात के बाद गांव वालों ने पुलिस बुलाई। मऊगंज पुलिस लेकर अस्पताल गई। युवती को भर्ती कराते हुए परिजन को बुलाया। परिजन कोई कार्रवाई नहीं चाहते थे, ऐसे में पुलिस ने 22 दिसंबर को 151 में कार्रवाई कर जेल भेज दिया था। 23 दिसंबर को तहसीलदार कोर्ट से जमानत हो गई। साथ ही शाम को कई इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने लगा।
वीडियो ने मचाया बवाल
यह वीडियो प्रसारित होने पर सबसे पहले पुलिस ने वीडियो प्रसारित करने वाले आरोपी को पकड़ा। इसके बाद पीड़िता के परिजन को थाने बुलाया। दोबारा अपराध दर्ज कर आइटी एक्ट का प्रकरण शामिल किया।
युवती के जबड़े में गंभीर चोट
पुलिस ने मऊगंज सिविल अस्पताल में युवती को भर्ती कराया। उसके जबड़े में चोट है। बेहतर उपचार के लिए रीवा मेडिकल कालेज रेफर किया है। चिकित्सकों ने कहा कि युवती के मुंह में कई बार लात लगी है। ऐसे में जबड़े के अंदर गंभीर चोट है, उसका उपचार किया जा रहा है। एसपी नवनीत भसीन ने बताया कि थाना प्रभारी श्वेता मौर्या को निलंबित कर दिया है। केस की जांच एडिशनल एसपी मऊगंज विवेक कुमार लाल को सौंपी गई है। पुलिस आरोपित के घर ढेरा पहुंची और उसके मकान को ढहा दिया है।
Bhaskar Hindi News