Sunday , April 28 2024
Breaking News

Sidhi: गरीबो की जिंदगी बदलने का अभियान है, मुख्यमंत्री जन सेवा अभियानः शिवराज सिंह चौहान


सीधी के संभाग स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किये हितलाभ स्वीकृत पत्रों का वितरण

सीधी/सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान वास्तव में गरीबों की जिंदगी बदलने का अभियान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू किए गए अभियान में 31 अक्टूबर तक ग्राम स्तर और वार्ड स्तर पर लगभग 38 शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को शिविर लगाकर चिन्हित किया गया है। रीवा संभाग के 4 जिलों में जनसेवा अभियान के दौरान 7 लाख 2 हजार 845 हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान शनिवार को सीधी जिले में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के स्वीकृत पत्रों के वितरण के संभाग स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के संभाग स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रीवा संभाग के सतना, सीधी, रीवा, सिंगरौली जिले में जिला, जनपद, नगरीय निकाय और ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में देखा और सुना गया।

सतना जिले में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के स्वीकृत पत्रों के वितरण का जिला स्तरीय कार्यक्रम सेमरिया चौक के टाउन हाल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर निगम सतना क्षेत्र और सोहावल जनपद पंचायत क्षेत्र के हितग्राहियों को स्वीकृत लाभ पत्रों का वितरण किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के स्पीकर राजेश चतुर्वेदी, कलेक्टर अनुराग वर्मा, अपर कलेक्टर संस्कृति जैन, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े, आयुक्त नगर निगम राजेश शाही, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह, जनपद अध्यक्ष राजेश रावत, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, संचार सकर्म समिति सभापति रावेंद्र सिंह लल्ला, जिलाध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, नीरज शुक्ला सहित अन्य पार्षद गण उपस्थित रहे।
संभाग स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के दौरान प्रदेश भर के 82 लाख 89 हजार 985 नए हितग्राहियों को 38 शासकीय योजनाओं के लाभ से जोड़ा गया है। आजादी के बाद से अब तक कितनी बड़ी संख्या में एक साथ हितग्राहियों को कभी लाभान्वित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के द्वारा जनता का ही राज होता है। आम जनता को अपनी समस्याएं बताने दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़े, इसलिए जनसेवा अभियान चलाकर पूरे प्रदेश में गांव-गांव और वार्ड स्तर पर अधिकारी-कर्मचारियों ने शिविर लगाकर हितग्राहियों का पंजीयन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में पेसा कानून लागू किया गया है। पूरे प्रदेश में एक नया ग्राम स्वराज आया है। पंचायत प्रतिनिधियों को व्यापक अधिकार दिए गए हैं, ताकि वह निचले स्तर पर जनता की सेवा ठीक ढंग से कर सकें।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी जनप्रतिनिधियों पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की है कि अपने गांव में पौधे लगाएं, बेटियों का हर गांव में सम्मान हो, गांव को नशा मुक्त बनाने का प्रयास करें और बिजली की बचत करने का अभियान चलाएं।
जिला स्तरीय कार्यक्रम को स्पीकर नगर निगम राजेश चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह, अध्यक्ष जनपद पंचायत सोहावल राजेश रावत, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सोहावल जनपद पंचायत और नगर निगम सतना क्षेत्र के मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के हितग्राही आवेदकों को हितलाभ के स्वीकृत पत्र वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के जिले में क्रियान्वयन की जानकारी में आयुक्त नगर निगम राजेश शाही ने बताया कि जिले में कलेक्टर अनुराग वर्मा के निर्देशन में 17 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चले अभियान में ग्राम स्तर और निकायों में वार्ड स्तर पर शिविर लगाकर शासन की 38 योजनाओं के लिए पात्र हितग्राहियों को चिन्हित किया गया है। सतना जिले में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के दौरान कुल 1 लाख 96 हजार 493 आवेदन दर्ज किए गए। जिनमें 96.52 प्रतिशत अर्थात 1 लाख 89 हजार 662 हितग्राहियों के आवेदन स्वीकृत कर योजनाओं के लाभ से जोड़ा गया है। अभियान के दौरान सोहावल जनपद में कुल 93 शिविरों का आयोजन कर 13507 हितग्राही और नगर निगम क्षेत्र में कुल 45 शिविरों का आयोजन कर 19 हजार 4 हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं के लाभ से जोड़ा गया है। जिन्हें शनिवार को ग्राम और वार्ड स्तर पर आयोजित शिविरों में स्वीकृत पत्र दिए जा रहे हैं।

About rishi pandit

Check Also

सिंधिया शिवपुरी में बोले- 65 साल में कांग्रेस ने कुछ नहीं किया, 10 साल में मोदी ने तस्वीर बदल दी

 शिवपुरी केंद्रीय मंत्री और गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *