सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कौशल विकास संचालनालय म.प्र. के तत्वाधान में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सतना द्वारा एक दिवसीय कैंपस ड्राइव का आयोजन 30 सितंबर 2022 को प्रातः 10 बजे से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सतना में किया गया है। जिसमें सुजुकी मोटर कंपनी गुजरात द्वारा विभिन्न ट्रेडो से आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
प्राचार्य शासकीय आईटीआई सतना बीडी तिवारी ने बताया कि कैंपस ड्राइव में फिटर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, टर्नर, मशीनिस्ट, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, टै्रक्टर मैकैनिक, पेंटर ट्रेड से वर्ष 2018 से 2022 तक की अवधि वाले 50 प्रतिशत अंको से आईटीआई उत्तीर्ण (एनसीवीटी/एससीवीटी) एवं कक्षा 10वीं में 40 प्रतिशत अंक अर्जित करने वाले 18 से 24 वर्ष आयुवर्ग के उत्तीर्ण अभ्यर्थी सम्मिलित हो सकते है। निर्धारित योग्यता पूरी करने वाले इच्छुक अभ्यर्थी अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों सहित नियत तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर अप्रेंटिसशिप मेला में भाग ले सकते है।
जिले में अब तक 806.7 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
जिले में इस वर्ष 1 जून से 26 सितंबर 2022 तक 806.7 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख सतना से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की सतना (रघुराजनगर) तहसील में 924.8 मि.मी., सोहावल (रघुराजनगर) में 540.8 मि.मी., बरौंधा (मझगवां) में 497.1 मि.मी., बिरसिंहपुर में 892 मि.मी., रामपुर बघेलान में 700 मि.मी., नागौद में 1106 मि.मी., जसो (नागौद) में 488.2 मि.मी., उचेहरा में 956 मि.मी., मैहर में 680.6 मि.मी., अमरपाटन में 880.3 मि.मी. तथा रामनगर तहसील में 1208.5 मि.मी. औसत वर्षा अब तक दर्ज की जा चुकी है। जिले की औसत सामान्य वर्षा 1039.7 मि.मी. है। गत वर्ष इस अवधि तक जिले में 798.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की जा चुकी थी।
सहकारी साख समिति के संचालक मंडल के प्रतिनिधियों का निर्वाचन 12 अक्टूबर को
मध्यप्रदेश सहकारी सोसायटी नियम 1962 के प्रावधान अंतर्गत जिला सहकारी केन्द्र बैंक कर्मचारी साख समिति मर्यादित सतना के संचालक मंडल के सदस्यों, पदाधिकारियों एवं अन्य संस्थाओं में भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का निर्वाचन 12 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से बैंक परिसर स्थान हनुमान मंदिर के हाल में होगा। म.प्र. राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकारी एमबी ओझा ने वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक प्रभाकरण प्रकाश को निर्वाचन के लिये रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है।
Bhaskar Hindi News