Thursday , May 16 2024
Breaking News

Satna: स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस ग्राउंड में आयोजित होगा

कलेक्टर अनुराग वर्मा मुख्य समारोह में करेंगे ध्वजारोहण

 

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त को प्रातः 9 बजे से स्थानीय पुलिस परेड ग्राउण्ड सतना में आयोजित किया गया है। मुख्य समारोह में कलेक्टर अनुराग वर्मा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। स्वतत्रंता दिवस समारोह के पल-प्रतिपल निर्धारित कार्यक्रमानुसार 15 अगस्त को प्रातः 9 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा। मुख्य अतिथि प्रातः 9 बजे से 9ः05 तक ध्वजारोहण कर सलामी लेंगे। प्रातः 9ः05 बजे से 9ः10 बजे तक परेड का निरीक्षण, प्रातः 9ः10 बजे से 9ः40 बजे तक मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन, प्रातः 9ः40 बजे से 10 बजे तक मार्चपास्ट, प्रातः 10 बजे से पीटी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन एवं प्रातः 10ः30 बजे से पुरुस्कार वितरण किया जायेगा।

स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीद सैनिकों के परिजनों का होगा सम्मान

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल में शहीद हुये सैनिकों के परिवारों एवं प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों को आमंत्रित करने के निर्देश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किये गये हैं। इसके साथ ही वृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को जिला कलेक्टर या कलेक्टर द्वारा नामित प्रतिनिधियों के माध्यम से शॉल-श्रीफल से सम्मानित करने के निर्देश दिये गये हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नागरिकों को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने संदेश में कहा है कि यह आजादी का अमृत महोत्सव वर्ष है। राष्ट्र की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने की मंगलमय बेला में सबका रोम-रोम उत्साहित है। हम ऊर्जा और उल्लास से भरे हुए हैं। आजादी का अमृत हमें किसी से उपहार में नहीं मिला है। इसके लिए न जाने कितने भारतवासियों ने जीवन का बलिदान किया। आज हम उन सभी सेनानियों का स्मरण करते हुए नमन करते हैं।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से उल्लास और एकता का वातावरण निर्मित किया है। सभी देशवासी अभियान का हिस्सा बने हैं। मध्यप्रदेश में भी हर घर तिरंगा फहराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में कदम बढ़ाए हैं। अनेक योजनाएँ लागू कर हम महिलाओं और बेटियों के सम्मान और स्वास्थ्य की रक्षा कर पाने में सफल हुए हैं।

राज्यपाल श्री पटेल ने स्वतंत्रता दिवस पर नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं दी

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने देश, प्रदेश की प्रगति, नागरिकों की खुशहाली और उन्नति की मंगल कामनाएँ की हैं। देश की आजादी के लिए सर्वस्व समर्पित करने वाले और प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया है।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने अपने संदेश में कहा है कि स्वतंत्रता दिवस को, पर्व के उत्साह और उमंग के साथ मनाएं। स्वाधीनता के गौरव और आनंद का अनुभव करें। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों की नींव पर आधुनिक भारत का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति भक्ति और सेवा भावना के साथ किया गया छोटा बड़ा योगदान राष्ट्र निर्माण का आधार है।

कलेक्टर ने दी स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर बधाई

कलेक्टर अनुराग वर्मा ने स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2022 के पावन पर्व पर जिले के नागरिकों के साथ सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। कलेक्टर श्री वर्मा ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि यह पर्व हमें राष्ट्र भक्ति देश प्रेम एंव भाईचारे की भावना के साथ एक जुट होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है। इस दिन हम राष्ट्र के प्रति सेवा समर्पण और देश भक्ति का संकल्प लें। उन्होने हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा ध्वज अवश्य फहराने की अपील की है।

पुलिस अधीक्षक ने स्वतंत्रता दिवस पर जिलेवासियों को दी बधाई

स्वाधीनता दिवस की 75 वी वर्षगांठ के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने समस्त जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी है। पुलिस अधीक्षक श्री गुप्ता ने कहा है कि स्वतंत्रता दिवस युवाओं के लिए स्वाधीनता के गौरव को महसूस करने का दिन है। उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों को कृतज्ञता के साथ याद करने का दिन है, जिन्होंने हमें आज़ादी दिलाने के लिए संघर्ष, त्याग और बलिदान के महान आदर्श प्रस्तुत किए। उनके बलिदान के बल पर ही हम सब आज एक लोकतांत्रिक देश के निवासी हैं।

पंचायत राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल ने दी स्वतंत्रता दिवस पर बधाई

प्रदेश के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार), विमुक्त घुमक्कड़ एवं अर्द्ध-घुमक्कड़ जनजाति कल्याण (स्वतंत्र प्रभार), पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल ने प्रदेश के साथ ही सभी जिलेवासियों को 15 अगस्त 2022 स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी है। राज्यमंत्री श्री पटेल ने अपने संदेश में कहा, कि स्वतंत्रता दिवस आ़ज़ादी यह दिन हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों, दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। आज के दिन हम सभी को राष्ट्र के प्रति सेवा समर्पण एवं देश भक्ति का संकल्प लेना चाहिए। प्रभारी मंत्री ने सभी जिलेवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील भी की है।

About rishi pandit

Check Also

Shahdol: पेड़ से टकराया वाहन, हादसे में शिक्षक और उसकी पत्नी की मौत

शहडोल,भास्कर हिंदी न्यूज़/ शहडोल जिले में ब्यौहारी थाना क्षेत्र के अमडीह महादेवा गांव के पास …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *