Tuesday , November 3 2026
Breaking News

Chhatarpur: मीटर से छेड़छाड़ करके बिजली चुराने वालों पर होगी सख्ती

छतरपुर, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कार्यपालन अभियंता विद्युत आरए मिश्रा ने मीटर में छेड़छाड़ करके और केबल पर सीधे तार डालकर बिजली चुराने वालों पर चेकिंग व कड़ी कार्रवाई करके सख्ती बराबर जारी रहने की बात कही है।

उन्होंने कहा है कि शहर में मीटर से छेड़छाड़ करके बिजली चुराने में भूमिका निभाने वाला गिरोह सक्रिय है। उपभोक्ता जरा से लालच में अपने मीटर से छेड़छाड़ करा लेते हैं, जब ऐसे मीटर जांच के दायरे में आएंगे तो उपभोक्ताओं को मोटे अर्थदण्ड से दंडित किया जाएगा।उन्होंने उपभोक्ताओं को सलाह दी कि वे मीटर से कोई छेडख़ानी न कराके पेनल्टी से बचें। जांच के दौरान यदि मीटर में किसी भी तरह की छेड़छाड़ मिलती है तो एक साल की पेनल्टी वसूली जा सकती है। कार्यपालन अभियंता ने उपभोक्ताओं को आगाह किया है कि वे बिजली बिल का भुगतान या तो आनलाइन करें या फिर काउंटर पर जमा कराएं। यदि कोई उपभोक्ता किसी बिजली कर्मचारी को बिल की राशि देता है और राशि जमा नहीं होती तो विभाग कोई जिम्मेदारी नहीं लेगा।

अप्रैल में हर दिन छह लाख यूनिट खपत 

कार्यपालन अभियंता विद्युत मिश्रा ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की खपत भी बढ़ गई है। मार्च में हर रोज करीब 3 लाख यूनिट बिजली की खपत होती थी, जो अप्रेल में बढ़कर 6 लाख पहुंच गई है। उपभोक्ता अपने घरों में लोड फिक्स नहीं कराते हैं, जिससे खपत बढे से आगजनी की घटनाएं हो रही हैं। कहीं ट्रांसफार्मर की केबिल जल रही है तो कहीं सप्लाई केबिल में फाल्ट हो रहा है। इन परिस्थितियों के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उपभोक्ताओं को तभी अच्छी सेवाएं मिल सकती हैं जब वे अपना भार नियत करा लें। उन्होंने बताया कि शहर में करीब एक सैकड़ा ट्रांसफार्मरों पर लोड अधिक होने से ऐसे स्थान चिन्हित करके वहां नए ट्रांसफार्मर रखे जा रहे हैं। मिश्रा ने बताया कि आरआरआरडीएसएस के तहत पतली केबल बदलकर मोटी केबल लगाने और नए ट्रांसफार्मर की व्यवस्था है। मिश्रा ने बताया कि इन दिनों जिले में कहीं भी बिजली की कटौती नहीं की जा रही। फीडर दुरूस्त करने के लिए संबंधित फीडर से सुबह साढ़े 8 बजे से साढ़े 11 बजे तक बिजली सप्लाई जरूर बंद रखी जाती है।

 

About rishi pandit

Check Also

Damoh: कक्षा 11वीं के छात्र-छात्रा ने स्कूल में काटी हाथ की नस, खून की धार देखकर शिक्षकों के उड़े होश

दमोह/ दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर नाका चौकी के समीप आने वाले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *