Thursday , May 2 2024
Breaking News

Satna: चित्रकूट के गौरव दिवस पर रामनवमी को सजेगी दीप लड़ियां, साढे़ 5 लाख दीपकों से जगमगाएगा धार्मिक शहर

  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गौरव दिवस के कार्यक्रम में होंगे शामिल
  • उद्यमिता परिसर के विवेकानंद सभागार में होगा मुख्य आयोजन
  • भजन गायक श्री शरद शर्मा का होगा भक्ति गायन

 

सतना/भोपाल, भास्कर हिंदी न्यूज़/ चित्रकूट के गौरव दिवस रामनवमी पर सतना जिले के चित्रकूट नगर पंचायत में साढ़े 5 लाख दीपकों से संपूर्ण नगर को जगमग किया जायेगा। उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश दोनो ही हिस्सों में शामिल संपूर्ण चित्रकूट नगर को दीपकों की रोशनी से सुसज्जित किया जायेगा। चित्रकूट के गौरव दिवस को लेकर संपूर्ण चित्रकूट वासियों में विशेष उल्लास और उत्साह देखने को मिल रहा है। चित्रकूट में स्थित आश्रम, मंदिर प्रांगण, मंदाकिनी तट, कामदगिरी परिक्रमा एवं शैक्षणिक संस्थानों तथा परिसरों में पूर्णतः जन सहयोग से साढ़े 5 लाख दीपक जलाये जायेंगे। इसके साथ ही सभी चित्रकूट वासियों से अपने-अपने घरों में कम से कम 51-51 दीपक जलाकर रामनवमी का प्रकाश पर्व मनाने की अपील की गई है।
एसडीएम मझगवां एवं अध्यक्ष गौरव दिवस कोर कमेटी चित्रकूट पीएस त्रिपाठी ने बताया कि दीपोत्सव के लिए सभी कार्यकर्ता अपने निर्धारित स्थान में सभी सामग्री दीपक तेल बत्ती मोमबत्ती सहित अपरान्ह 4 बजे तक पहुँच जायेगे। शाम 6ः30 बजे तक दीपक निर्धारित स्थान पर रख कर तेल भरकर बत्ती लगायेगे। ठीक शाम 7 बजे सायरन बजने के साथ सभी लोग एक साथ दीपक जलाना प्रारम्भ कर यह सुनिश्चित करेंगे कि 7ः10 बजे तक सभी दीपक जल जायें। शाम 7ः45 बजे तक सभी दीपक एक साथ जलते रहना है। इसलिए सभी लोग रात्रि 8 बजे तक अपने निर्धारित स्थान पर रहेंगे। सभी दीपक बुझने के बाद ही वहां से जायेंगे। चित्रकूट के संत-महात्मा और विश्वविद्यालय एवं स्वयेंसवी संस्थानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाने की बात कही। गौरव दिवस पर कम से कम साढ़े 5 लाख दीपक जलाये जायेंगे। जिनमें मां मंदाकिनी के घाटो में ढाई लाख दीपक, कामदगिरी परिक्रमा में 2 लाख दीपक, हनुमान धारा और अनुसूइया आश्रम में 21-21 हजार, गुप्त गोदावरी में 11 हजार और सद्गुरु संघ ट्रस्ट एक लाख, डीआरआई और ग्रामोदय विश्वविद्यालय 50-50 हजार, तुलसी शोध संस्थान 50 हजार, गायत्री शक्तिपीठ द्वारा 25 हजार, कामतानाथ प्रमुख द्वार 21 हजार, प्राचीन मुखारविंद 11 हजार और रावतपुरा सरकार संस्थान ने 21 हजार दीपक जलाने की तैयारी कर रखी है।

रामनवमी के दिन 10 अप्रैल को जिले के पवित्र नगर चित्रकूट का गौरव दिवस मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चित्रकूट के गौरव दिवस में शामिल होंगे। इस मौके पर उद्यमिता विद्यापीठ के विवेकानंद सभागार में आयोजित गौरव दिवस के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान साधु-संतो का सम्मान के साथ चित्रकूट और क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर संस्कृति विभाग की ओर से शरद शर्मा एवं समूह के माध्यम से श्री राम भजनों की प्रस्तुतियां दी जायेंगी।

सम्मान कार्यक्रम

गौरव दिवस के अवसर पर संस्कृति विभाग भोपाल, जिला प्रशासन सतना, नगर पंचायत चित्रकूट एवं स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान पवित्र नगरी चित्रकूट के पूज्य संत-महात्माओ का एवं विभिन्न क्षेत्रो मे ख्याति दिलाने वाली प्रतिभाओं का सम्मान करेंगे।

विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

चित्रकूट के गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान थाना भवन चित्रकूट परिसर में नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे तथा इस मौके पर क्षेत्र एवं सतना जिले के 36 करोड़ 38 लाख 31 हजार रुपये लागत के विभिन्न 27 निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे और 35 करोड़ 38 लाख 73 हजार रुपये लागत के 16 निर्माण कार्यों का शिलान्यास/भूमि पूजन करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ‘श्रीरामराज्य’ कला दीर्घा का करेंगे लोकार्पण

पाँच लाख दीयों को एक साथ करेंगे प्रज्ज्वलि

मुख्यमंत्री  श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर 10 अप्रैल 2022 को श्रीरामराजा सरकार मंदिर परिसर ओरछा में ‘श्रीरामराज्य’ कला दीर्घा का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर पवित्र नदी बेतवा के तट पर सायंकाल में दीपोत्सव में पाँच लाख दीयों को एक साथ प्रज्ज्वलित कर भगवान श्रीराम के प्रति आस्था प्रकट की जायेगी। संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री सुश्री उषा ठाकुर भी उपस्थित रहेंगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान के कहा कि पूरे प्रदेश में श्रीराम नवमी का पर्व, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जायेगा। प्रदेश के 12 स्थानों ओरछा, चित्रकूट, उज्जैन, उमरिया, शहडोल, विदिशा, राजगढ़, शिवपुरी, नीमच, रतलाम, छिन्दवाड़ा और पन्ना में ‘‘श्रीराम जन्मोत्सव’’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

ओरछा मंदिर में ‘श्रीरामराज्य’ कला दीर्घा का लोकार्पण

श्रीरामराजा सरकार मंदिर परिसर ओरछा में संस्कृति विभाग द्वारा भगवान श्रीराम के चरित आधारित ‘श्रीरामराज्य’ कला दीर्घा तैयार की गई है। इसमें भारत के लगभग सभी राज्यों की लोकचित्र शैलियों में भगवान श्रीराम के एक-एक चरित का चित्रांकन किया गया है। भगवान श्रीराम के 36 गुणों और उनकी विशिष्टता को चित्र अभिव्यक्ति दी गई है। साथ ही उनके राज्याभिषेक प्रसंग को झाँकी के रूप में कलात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। भगवान श्रीराम पूरे देश में मात्र ओरछा में ही राजा के रूप में लोक पूज्य है।

श्रीराम जन्मोत्सव’ में सांस्कृतिक और कलात्मक आयोजन

श्रीराम नवमी के अवसर पर 10 अप्रैल 2022 को शाम 7 बजे से ‘श्रीराम जन्मोत्सव’ मनाया जायेगा। भगवान श्रीराम की महिमा नृत्य, नृत्य नाटिका और संगीत के माध्यम से प्रदर्शित की जायेगी। रामायण के विभिन्न प्रसंग की प्रस्तुतियों सहित भजन संध्या भी होगी।

About rishi pandit

Check Also

फिर11 दिनों के लिए बंद होगी शहडोल- रीवा और इतवारी-नागपुर ट्रेन, बसों में बढ़ेगी भीड़

शहडोल छिंदवाड़ा में ट्रेन यात्रियों को एक बार फिर से परेशानी का सामना करना पड़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *