RRR Box Office Collection: digi desk/BHN/ मुंबई/ राम चरण, जूनियर एनटीआर और इन सबसे अधिक एसएस राजामौली की खुशी का ठिकाना नहीं है। इस शानदार तिकड़ी की बेहतरीन फिल्म RRR बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। हैदराबाद के बाद मुंबई में बुधवार शाम को सक्सेस पार्टी रखी गई थी, वहीं रिलीज के 13वें दिन RRR ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए रिकॉर्ड बनाए हैं। इस फिल्म ने हिंदी वर्जन से 200 करोड़ रुपये से अधिक कमाई कर ली है। अब तीसरे हफ्ते में फिल्म के कलेक्शन के फिर से उछाल लेने की उम्मीद जताई जा रही हैं। आकलन ये भी है कि ये फिल्म आने वाले रविवार तक वर्ल्ड वाइड कलेक्शन में 1000 करोड़ रुपये की कुल कमाई का आंकड़ा छू लेगी।
जल्द ही होगी हजार करोड़ क्लब में शामिल
आरआरआर ने बुधवार को भी ने हिंदी बॉक्स ऑफिस पर करीब 6 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। इस तरह फिल्म की कुल कमाई अब हिंदी में 201.96 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि तेलुगू में यह फिल्म 12वें दिन ही 240 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई थी। फिल्म अब 1000 करोड़ के आंकड़े पर नजर लगाए बैठी है। यदि ऐसा होता है तो ‘बाहुबली 2’ के बाद RRR राजामौली की दूसरी फिल्म होगी जो इस जादुई आंकड़े को छू लेगी। 13 दिनों में फिल्म ने वर्ल्डवाइड 950 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर लिया है।
‘कबीर सिंह’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ को दी टक्कर
हिंदी में डब होकर रिलीज होने वाली दक्षिण भारतीय फिल्मों की कमाई के हिसाब से अब ‘आरआरआर’ हिंदी दूसरे नंबर पर है। इसने इस लिस्ट से अल्लू अर्जुन की पिछली फिल्म ‘पुष्पा पार्ट वन’ को टॉप 5 से बाहर कर दिया है। सबसे ज्यादा कमाई करने वाली डब फिल्मों की लिस्ट में ‘बाहुबली 2’ है, जिसने हिंदी में 510.99 करोड़ का कारोबार किया था। वहीं ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘कबीर सिंह’ ने भी 13 दिनों में हिंदी बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ क्लब में एंट्री ली थी।
Bhaskar Hindi News