Wednesday , May 15 2024
Breaking News

Satna: जल संसाधन की तीन परियोजना के कार्य प्रगति पर, 50 लाख से अधिक के निर्माण कार्यां की समीक्षा

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ जल संसाधन सतना के अंतर्गत 50 लाख रुपए से अधिक लागत की तीन सिंचाई परियोजना का कार्य प्रगति पर है। जिन्हें इस वर्ष अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस आशय की जानकारी गुरुवार को सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में दी गई। बैठक में लोक निर्माण, पीआईयू, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, आरईएस तथा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के कार्या की समीक्षा की गई। सीईओ जिला पंचायत ने निर्माण कार्यों को उनकी निर्धारित समय-सीमा मे गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए है।

जल संसाधन के कार्यपालन यंत्री आर.एस नट ने बताया कि जिले में 387 करोड़ लागत की रामनगर माइक्रो सिंचाई परियोजना का कार्य में शीर्ष 30 प्रतिशत और नहरों का कार्य 46 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। योजना 31 दिसंबर 2022 तक पूर्ण कर ली जाएगी। इसी प्रकार 43 करोड़ 65 लाख रुपए से अधियारी सागर की नहरों का शेष कार्य किया जा रहा है। जिसमें शीर्ष कार्य शत-प्रतिशत और नहरों का कार्य 90 प्रतिशत हो चुका है। परियोजना 30 जून 2022 तक पूर्ण हो जाएगी। कुरी बांध की नहरों का शेष कार्य 29 करोड़ 13 लाख रुपए से स्वीकृत है। जिसमें बांध का कार्य पूर्ण कर नहरों की लाइनिंग का कार्य चल रहा है। यह योजना भी 30 जून तक पूर्ण होगी। मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल ने बताया कि जिले में 3 करोड़ 5 लाख की लागत से शासकीय महाविद्यालय अमरपाटन में नवीन एवं रिनोवेशन कार्य, 4 करोड़ 80 लाख रुपये से विवेकानंद महाविद्यालय, मैहर में नवीन एवं रिनोवेशन कार्य विश्व बैंक परियोजना से किए जा रहे हैं। इसी प्रकार शासकीय महाविद्यालय अमदरा, उचेहरा, बदेरा के निर्माण कार्य 18 करोड़ 53 लाख रुपए से किए जा रहे हैं। यह कार्य प्रारंभिक स्तर पर हैं और अगस्त 2023 में पूर्ण होंगे। इस मौके पर कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण मनोज द्विवेदी, आरईएस अश्वनी जायसवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

पंचायतों की मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण – 2022 का कार्यक्रम जारी

मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 25 अप्रैल को

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायतों के आगामी निर्वाचन के लिए 1 जनवरी 2022 की संदर्भ तिथि के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2022 का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 25 अप्रैल को किया जाएगा।
सचिव राज्य निर्वाचन आयोग  बी.एस. जामोद ने जानकारी दी है कि फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची का ग्राम पंचायत एवं अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 4 अप्रैल 2022 को किया जाएगा। दावा आपत्ति केन्द्रों पर दावे-आपत्ति 11 अप्रैल तक (अपरान्ह 3 बजे तक) लिये जायेंगे। दावे-आपत्तियों का निराकरण 16 अप्रैल तक किया जायेगा। फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का ग्राम पंचायत एवं अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 25 अप्रैल 2022 को होगा।

नगरीय निकायों की मतदाता सूची का वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2022 के द्वितीय चरण के शेष कार्य एवं अंतिम चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
सचिव राज्य निर्वाचन आयोग बी.एस. जामोद ने जानकारी दी है कि फोटो प्रारूप मतदाता सूची का नगर पालिका वार्ड एवं अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 4 अप्रैल 2022 को किया जायेगा। दावा आपत्ति केन्द्रों पर दावे-आपत्ति 11 अप्रैल तक (अपरान्ह 3 बजे तक) लिये जायेंगे। दावे-आपत्तियों का निराकरण 16 अप्रैल तक किया जायेगा। फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का नगर पालिका वार्ड तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 25 अप्रैल 2022 को होगा। नवगठित नगरीय निकायों और ऐसे नगरीय निकाय जिनमें क्षेत्र विस्तार किया गया है, किन्तु वार्डों का विभाजन शेष है, वहाँ मतदाता सूची का कार्यक्रम अलग से जारी किया जायेगा।

 

About rishi pandit

Check Also

Satna: कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मतगणना की तैयारियों का लिया जायजा

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *