सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए अचल संपत्ति के मूल्य निर्धारण के लिए संपन्न जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में विगत वर्षों में की गई 20 प्रतिशत कटौती को दृष्टिगत रखते हुए सतना जिले की 3048 गाइडलाइन लोकेशन में से 1748 प्रविष्टियों में 10.93 प्रतिशत औसत बाजार मूल्य वृद्धि दर प्रस्तावित की गई है। बैठक में विधायक रामपुर बघेलान विक्रम सिंह, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव, जिला रजिस्ट्रार श्रीमती संध्या सिंह, उप वन मंडलाधिकारी, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी मनोज द्विवेदी, एसडीओ जल संसाधन डीएन मिश्रा, अधीक्षक भू-अभिलेख आरएन पांडेय, महाप्रबंधक उद्योग आरएल पांडेय सहित सभी सब-डिवीजन के उप पंजीयक उपस्थित थे।
जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में उप जिला मूल्यांकन समितियों सतना, मैहर, रामपुर बघेलान, अमरपाटन, नागौद के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2022-23 में अचल संपत्तियों के बाजार मूल्य निर्धारण के प्रस्ताव विश्लेषण तथा अंतिम मूल्यों को नियत करने के लिए प्रस्तुत किए गए। जिला पंजीयक संध्या सिंह ने बताया कि संपूर्ण मध्यप्रदेश में वित्तीय वर्ष 2017-18 से अचल संपत्ति के बाजार मूल्य में कोई वृद्धि नहीं की गई है तथा वर्ष 2019-20 में सतना सहित समस्त मध्यप्रदेश में गाइडलाइन बाजार मूल्य में 20 प्रतिशत की कटौती भी की गई है। इस प्रकार वित्तीय वर्ष 2017-18 की गाइडलाइन दरों में वर्ष 2019-20 में 20 प्रतिशत कटौती को दृष्टिगत रखते हुए उप जिला मूल्यांकन समितियों द्वारा जिले की गाइडलाइन लोकेशन 3048 में से 1748 प्रविष्टियों में 10.93 प्रतिशत बाजार मूल्य वृद्धि की दर प्रस्तावित की गई है।
इसी प्रकार संपदा से प्राप्त अधिक एवं संख्या में अधिकतम पंजीकृत हुए दस्तावेजों की सूची (बिक्री छांट) और वर्ष 2019 में की गई 20 प्रतिशत की बाजार मूल्य कटौती, विकास स्तर और प्लाटिंग कार्य के आधार पर शहरी क्षेत्र की 827 गाइडलाइन प्रविष्टियों में से 383 में 10.92 प्रतिशत एवं ग्रामीण क्षेत्र की 2221 प्रविष्टियों में से 1366 प्रविष्टियों में 10.94 प्रतिशत औसत बाजार मूल्य वृद्धि प्रस्तावित की गई है। जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में महानिरीक्षक पंजीयन द्वारा उपलब्ध कराई गई नगर निवेश क्षेत्र के ग्रामों की सूची में से प्रचलित गाइडलाइन में पूर्व से शामिल ग्रामों को छोड़कर शेष 34 गांवों को सतना जिले की गाइडलाइन के निवेश क्षेत्र में शामिल किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया। इन गांवो में तहसील रघुराजनगर के 2 ग्राम, मझगवां के 11 ग्राम, रामपुर बघेलान के 16 और मैहर के 5 ग्राम सम्मिलित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत जनपद स्तरीय शिविर रामनगर में
महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र यू.बी. तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत मार्गदर्शन एवं ऋण प्रकरण तैयार करने के लिये 18 फरवरी को जनपद पंचायत रामनगर में दोपहर 12 बजे से शाम 6 तक स्व-रोजगार शिविर का आयोजन किया जायेगा। शिविर में सभी वर्ग के शिक्षित बेरोजगार जिनकी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण एवं आयु 18 से 40 वर्ष के मध्य है। ऐसे व्यक्ति एक लाख रुपये से लेकर 50 लाख रुपये तक के विनिर्माण उद्योग तथा एक लाख रुपये से 25 लाख रुपये तक के सेवा एवं खुदरा व्यवसाय के लिये आवेदन कर सकते हैं और साथ ही मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
Bhaskar Hindi News