Friday , May 17 2024
Breaking News

UP Election 2022: यूपी में पहले चरण का थमा चुनाव प्रचार, 10 फरवरी को 58 सीटों पर होगा मतदान

UP assembly elections first phase campaigning ends voting will be held on 58 seats on 10 february: digi desk/BHN/लखनऊ/ उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा के लिए पहले चरण की 58 सीटों पर चुनाव प्रचार मंगलवार शाम छह बजे थम गया। पश्चिमी यूपी के 11 जिलों की इन सीटों के लिए 623 उम्मीदवार मैदान में हैं, मतदान 10 फरवरी को और मतगणना 10 मार्च को होगी। पहले चरण के 11 जिलों की 58 विधान सभा सीटों के लिए 21 जनवरी तक नामांकन हुआ। इनमें नौ सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। 10 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था के भी कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। अतिरिक्त सतर्कता बरते जाने के साथ ही शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार के लिए मंगलवार आखिरी दिन था। इस दिन सभी दलों ने एड़ी-चोटी की जोर लगा दिया। भाजपा ने जहां अपना लोक कल्याण संकल्प पत्र जारी किया, वहीं सपा ने घोषणापत्र को ‘वचन पत्र’ के नाम से जारी किया। पहले चरण में शामली की तीन, मुजफ्फरनगर की छह, मेरठ की सात, बागपत की तीन, गाजियाबाद की पांच, हापुड़ की तीन, गौतमबुद्ध नगर की तीन, बुलंदशहर की सात, अलीगढ़ की सात, मथुरा की पांच, आगरा की नौ विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा।

800 कंपनी अर्ध सैनिक बल का कड़ा पहरा  

पहले चरण का मतदान निष्पक्ष व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। 58 विधानसभा क्षेत्रों के 10833 पोलिंग बूथ पर अर्धसैनिक बल का कड़ा पहरा होगा। लगभग 800 कंपनी अर्धसैनिक बल को पोलिंग बूथ के अलावा अन्य संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस, पीएसी व होमगार्ड जवान भी मुस्तैद रहेंगे। डीजीपी मुकुल गोयल ने हर छोटे-बड़े विवाद को पूरी गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई किये जाने के साथ ही इंटरनेट मीडिया की लगातार निगरानी का निर्देश दिया।

मुजफ्फर नगर व मथुरा में सर्वाधिक 15-15 प्रत्याशी 

पहले चरण में सबसे कम अलीगढ़ की इगलास सीट से पांच प्रत्याशी हैं। मुजफ्फर नगर व मथुरा सीट से सर्वाधिक 15-15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन सीटों के लिए शुरुआत में 810 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। 152 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में ही निरस्त हो गए थे व 35 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया था।

प्रथम चरण में इन सीटों पर मतदान 

कैराना, थानाभवन, शामली, बुढ़ाना, चरथावल, पुरकाजी (सुरक्षित), मुजफ्फरनगर, खतौली, मीरापुर, सिवालखास, सरधना, हस्तिनापुर (सुरक्षित), किठौर, मेरठ कैंटोनमेंट, मेरठ, मेरठ दक्षिण, छपरौली, बड़ौत, बागपत, लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर, धौलाना, हापुड़ (सुरक्षित), गढ़मुक्तेश्वर, नोएडा, दादरी, जेवर, सिकंदराबाद, स्याना, अनूपशहर, डिबाई, शिकारपुर, खुर्जा (सुरक्षित), खैर (सुरक्षित), बरौली, अतरौली, छर्रा, कोल, अलीगढ़, इगलास (सुरक्षित), छाता, मांट, गोवर्धन, मथुरा, बलदेव (सुरक्षित), एत्मादपुर, आगरा कैंटोनमेंट (सुरक्षित), आगरा दक्षिण, आगरा उत्तर, आगरा ग्रामीण (सुरक्षित), फतेहपुर सीकरी, खैरागढ़, फतेहाबाद, बाह सीटें हैं।

दो करोड़ से ज्यादा मतदाता करेंगे फैसला

  • कुल मतदाता : 2,27, 83739
  • पुरुष : 1,23, 31251
  • महिला : 1,04,51053
  • थर्ड जेंडर : 1435
  • पोलिंग स्टेशन : 10,766
  • मतदान केंद्र : 25,849

About rishi pandit

Check Also

उत्तर प्रदेश में छठे चरण के लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरे 162 उम्मीदवारों में से 38 पर आपराधिक मामले दर्ज

लखनऊ उत्तर प्रदेश में छठे चरण के लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरे 162 उम्मीदवारों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *