सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के अन्तर्गत प्रायवेट स्कूलों की मान्यता एवं मान्यता नवीनीकरण के लिये ऑनलाइन आवेदन आगामी 10 फरवरी तक किए जा सकेंगे। मोबाइल एप से मान्यता आवेदन करते समय प्रायवेट स्कूल को, आरटीई के मापदंडों की पूर्ति के लिए शाला में आवश्यक अधोसंरचना, कार्यरत शिक्षकों तथा स्कूल में आवश्यक संसाधनों की जीईओ टेग फोटो संलग्न करना अनिवार्य है। मोबाइल एप के माध्यम से सहज एवं साक्ष्य आधारित मान्यता आवेदन करने तथा मान्यता आवेदनों के निराकरण की व्यवस्था की गई है।
आरटीई एक्ट के अनुसार उपलब्ध मानकों की पूर्ति करने वाले अशासकीय स्कूल की मान्यता जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 3 वर्ष के लिये जारी की जाएगी। इसी प्रकार बीआरसीसी द्वारा स्कूल का भौतिक सत्यापन कर निरीक्षण रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को प्रेषित करने की समय सीमा अशासकीय स्कूल द्वारा ऑनलाइन आवेदन करने के 15 कार्य दिवस के अंदर निर्धारित की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा मान्यता आवेदन के प्रकरणों का निराकरण की समय सीमा 45 कार्य दिवस है। इनके अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा मान्यता आवेदन निरस्ती दिनांक से 45 कार्य दिवस तक संबधित अशासकीय स्कूल कलेक्टर के समक्ष अपील कर सकते हैं। कलेक्टर द्वारा अपीलीय आवेदनों का निराकरण स्कूल के आवेदन प्राप्ति के 15 दिवस तक किया जाएगा। संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र ने आवेदन करने में सुविधा की दृष्टि से समय सारिणी के साथ ही विस्तृत निर्देश भी पत्र में दिए हैं।
मण्डल परीक्षायें 2022 के परीक्षा आवेदन पत्रों में विषय एवं माध्यम संशोधन 31 जनवरी तक होंगे
मण्डल परीक्षायें 2022 के परीक्षा आवेदन पत्रों में विषय एवं माध्यम संशोधन 31 जनवरी तक होंगे, इसके पश्चात किसी भी दशा में विषय संशोधन मान्य नहीं किया जाएगा तथा मंडल द्वारा जारी प्रवेश पत्र में अंकित विषयों के आधार पर ऑनलाईन ओएमआर शीट जारी कर दी जाएगी।
समस्त मान्यता प्राप्त, संबद्धता प्राप्त संस्थाओं एवं अग्रेषण संस्था के प्राचार्य से कहा गया है 31 जनवरी 2022 तक परीक्षा आवेदन पत्रों में विषय संशोधन की सुविधा प्रदान की गई है। इस वर्ष आंतरिक मूल्यांकन एवं प्रायोगिक परीक्षा के अंको की प्रविष्टि ऑनलाईन की जाएगी। आंतरिक एवं प्रायोगिक परीक्षा के लिए विषयवार ओएमआर शीट संस्था प्राचार्य अथवा केन्द्राध्यक्ष के लॉगिन पर उपलब्ध रहेगी। मंडल द्वारा छात्रो के प्रवेश पत्र 25 जनवरी 2022 तक ऑनलाईन जारी कर दिये जाएगें।
सचिव, माध्यमिक शिक्षा मंडल ने समस्त संस्था प्राचार्या से अनुरोध किया है कि वे अपनी संस्था में नियमित अध्ययनरत छात्रों तथा संस्था द्वारा अग्रेषित स्वाध्यायी छात्रों के प्रवेश पत्र डाउनलोड कर छात्र कोड विषयों की खात्री अनिवार्य रूप से करे। यदि मंडल द्वारा जारी प्रवेश पत्र में किसी छात्र के विषयों में त्रुटि हो तो उसे 31 जनवरी 2022 तक ऑनलाईन संशोधन कराना सुनिश्चित करे। उक्त तिथि के पश्चात किसी भी दशा में विषय संशोधन मान्य किया जाएगा तथा मंडल द्वारा जारी प्रवेश पत्र में अंकित विषयों के आधार पर ऑनलाईन ओएमआर शीट जारी की जाएगी।
शासकीय आईटीआई सतना में कैंपस ड्राइव 24 को
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सतना द्वारा एक दिवसीय कैंपस ड्राईव का आयोजन 24 जनवरी 2022 को प्रातः 10 बजे से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सतना में किया गया है। जिसमें सुजुकी मोटर प्राइवेट लिमिटेड गुजरात कंपनी द्वारा विभिन्न ट्रेडो से आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
प्राचार्य शासकीय आईटीआई सतना बीडी तिवारी ने बताया कि कैंपस ड्राइव में फिटर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, इलेक्ट्रीशियन, टर्नर, मशीनिस्ट, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, टूल एंड डाई मेकर, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, सीओई ऑटो मोबाइल, ट्रैक्टर मैकेनिक एवं पेंटर ट्रेड से वर्ष 2015 से 2021 तक के आईटीआई उत्तीर्ण (एनसीवीटी या एससीवीटी) पुरुष अभ्यर्थी सम्मिलित हो सकते है। अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष एवं अधिकतम आयु 23 वर्ष होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को स्टाइपेण्ड के रूप में 20 हजार 100 रूपये दिये जायेंगे। कैंपस ड्राइव में निर्धारित योग्यता पूरी करने वाले इच्छुक अभ्यर्थी अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों एवं बायोडाटा, सीवी या रिज्यूम सहित नियत तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर भाग ले सकते है।
आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं के लिये आवेदन आमंत्रित, 5 फरवरी तक कर सकते हैं आवेदन
जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जिले में संचालित विशिष्ट आवासीय विद्यालय मैहर और चित्रकूट एवं आदिवासी कन्या शिक्षा परिसर सोहावल में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिये 5 फरवरी 2022 तक विभागीय एमपी टॉस पोर्टल पर आवेदन आमंत्रित किये गये हैं।
जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग ने बताया कि कक्षा 5वीं में अध्ययनरत जनजाति वर्ग, विशेष पिछड़ी जनजाति (भारिया, बैगा, सहरिया) विमुक्त जनजातियां, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध-घुमक्कड़ समुदाय के अलावा वे सभी बच्चे जिन्होंने उग्रवाद या कोविड-19 महामारी में अपने माता-पिता को खो दिया है, वे प्रवेश के लिये आवेदन कर सकते हैं। साथ ही विधवा महिला की संतान, दिव्यांग एवं दिव्यांग माता-पिता की संतान, अनाथ एवं भूमिदाता जिन्होंने विद्यालय भवन निर्माण के लिये भूमिदान की हो, प्रवेश के लिये आवेदन कर सकते हैं। सभी इच्छुक आवेदनकर्ता विभागीय वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होने बताया कि विद्यालय में प्रवेश के लिये परीक्षा 27 फरवरी 2022 (संभावित) को आयोजित की गई है।
Bhaskar Hindi News