Monday , April 29 2024
Breaking News

Omicron Alert: देश में ओमिक्रोन का कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू, शहरों में खतरा ज्यादा, नया सब-वेरिएंट BA.2 भी मिला

BA.2 Omicron sub-variant: digi desk/BHN/नई दिल्ली/  भारत में कोरोना की तीसरी लहर अपने चरम यानी पीक की ओर बढ़ रही है। उम्मीद की जा रही है कि इसके बाद केस घटेंगे और महामारी कमजोर पड़ेगी, लेकिन ताजा रिपोर्ट ने चिंताएं बढ़ा दी हैं। इसके मुताबिक, भारत समेत कई देशों में एक नए वेरिएंट का पता चला है। यह ओमिक्रोन का सब-वेरिएंट है, जिसे BA.2 Omicron sub-variant नाम दिया गया है। अभी इस वेरिएंट के बारे में बहुत जानकारी नहीं है, लेकिन शुरुआती दौर में इसे मानव जीवन के लिए घातक नहीं पाया गया है। यूके स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, भारत, डेनमार्क और स्वीडन सहित 40 से अधिक देशों में इस वेरिएंट का पता चला है।

इस बीच INSACOG ने अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा है कि भारत में ओमिक्रोन सामुदायिक संक्रमण की स्थिति यानी कम्युनिटी ट्रांसमिशन की स्टेज में पहुंच गया है। देश के कई महानगरों में ऐसी स्थिति निर्मित हो चुकी है और यहीं खतरा अधिक है। ओमिक्रोन के नए मामले भी बड़े शहरों से अधिक आ रहे हैं। हालांकि अच्छी बात यह है कि अब तक के अधिकांश ओमाइक्रोन मामले हल्के हैं। वहीं अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाई गई हैं, आईसीयू की व्यवस्था की गई है। देश में महामारी के खतरे का स्तर पहले जैसा बना हुआ है।

भारत में खत्म हो रही तीसरी लहर, लगातार तीसरे दिन केस घटे

क्या भारत में कोरोना की तीसरी लहर खत्म हो रही है? महाराष्ट और दिल्ली के बाद अब राष्ट्रीय स्तर पर इसके संकेत मिलने लगे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना के 3,33,533 नए केस दर्ज किए गए हैं। अच्छी बात यह है कि एक दिन पहले से इस संक्या में 4,171 की कमी है। बीते 24 घंटों में 525 मरीजों की मौत हुई है जबकि 2,59,168 ठीक हुए हैं। अभी देश में 21,87,205 एक्टिव केस हैं। पूरे देश में ओमिक्रोन के अब तक 10,466 मामले मिल चुके हैं। रोज 17.78% जांच रिपोर्ट पॉजिटिव निकल रही है। बता दें, यह लगातार तीसरा दिन है जब देश में केस घटे हैं।

इससे पहले शनिवार रात मिली जानकारी के अनुसार, देश में लगातार दूसरे दिन (और रविवार को तीसरे दिन) कोरोना संक्रमण के नए मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, अभी भी तीन लाख से ज्यादा मामले मिले हैं। शनिवार को रात 12 बजे तक 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मिली सूचना के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 3,21,256 नए मामले मिले और 496 लोगों की मौत हुई थी। शुक्रवार को 3.37 लाख मामले मिले थे और उससे एक दिन पहले 3.48 लाख केस पाए गए थे।

इन राज्यों में ज्यादा खतरा

  • केरल में 45 हजार से ज्यादा नए केस मिले हैं और 132 लोगों की मौत भी हुई है।
  • महाराष्ट्र में भी 46 हजार नए मामले पाए गए हैं। महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के भी 416 नए केस मिले हैं, जिनमें अकेले मुंबई में 321 केस हैं।
  • कर्नाटक में 42 हजार से अधिक नए मामले पाए गए हैं।
  • तमिलनाडु में नए मामलों का आंकड़ा 30 हजार को पार कर गया है।
  • गुजरात में भी नए केस बढ़े हैं और 23,150 मामले पाए गए हैं।
  • दिल्ली में मामले तो कम मिले हैं, लेकिन 45 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली से ज्यादा सिर्फ दो ही राज्यों केरल में 132 और महाराष्ट्र में 48 मौतें हुई हैं।

 

About rishi pandit

Check Also

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 1 मई को अयोध्या दौरा; रामलला के दर्शन और सरयू आरती में होंगी शामिल

नई दिल्ली  राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार राष्ट्रपति द्रौपदी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *