भरजुना पहुँच कर देवी माँ के किये दर्शन, कैमा में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया
सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ रैगांव विधानसभा क्षेत्र के चुनावी दौरे पर मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक बार फिर सतना पहुंचे। इस बार वे शाम को सतना पहुंचे और कैमा के पास सतना साइडिंग में भाजपा प्रत्याशी प्रतिमा बागरी के समर्थन में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। इसके बाद वे भरजुना पहुंचकर माता भरजुना के दर्शन किए और पूजन किया। मुख्यमंत्री का यह दो दिवसीय दौरा है जहां वे आज रात आदिवासी परिवार में जाकर भोजन करेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे।
इसके बाद कल रैगांव क्षेत्र की कोठी में वे आम सभा को संबोधित करेंगे। शाम साढ़े पांच बजे के लगभग सतना पहुंचे मुख्यमंत्री स्थानीय नेताओं से मुलाकात के बाद सीधे सतना साइडिंग के लिए रवाना हुए जहां उन्होंने आम सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ पर जमकर निशाना साधा उन्होंने कहा कि मेरे कार्यकाल में उच्च शिक्षा के लिए भी लाखों रुपये गरीब घर के छात्र-छात्राओं को दिए जाते थे

लेकिन मेरे भांजे भांजियों ने कमल नाथ का क्या बिगाड़ा था कि उनकी फीस बंद करवा दी। मुख्यमंत्री ने सभा से ग्रामीणों को कहा कि कांग्रेसियों की बातों में नहीं जाना है। मामा का साथ देना है।
वही रटी-रटाई बातें..! गरीबों के लिए बनाई योजना तक बंद करा दी
उन्होंने कहा कि कमल नाथ ने गरीबों के लिए बनाई गई संबल योजना तक बंद करवा दी थी लेकिन मैने इसे दोबारा शुरू किया है। कमल नाथ ने स्व. सहायता समूह की महिलाओं का पोषण आहार का काम ठेकेदारों को दिया लेकिन मैं वापस बहनों को यह काम दिलवा रहा हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार न दिल्ली में है न भोपाल में है। जिसकी सरकार कहीं नहीं वह क्या जनता का भला करेगी।
सभा के बाद मुख्यमंत्री सीधे भरजुना देवी के दर्शन करने रैगांव विधानसभा क्षेत्र में बने प्राचीन भरजुना माता के मंदिर पहुंचे और मां के दर्शन कर पूजन किया। ज्ञात हो कि यह वही मंदिर है जहां मंदिर के बाहर अपनी पूर्व सभा के बाद मुख्यमंत्री वापस रवाना हो गए थे और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने यहां सभा से पहले माता के दर्शन किए थे। इसके बाद से ही गांव और राजनीतिक गलियारे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंदिर के पास ही सभा होने के बावजूद उनके मंदिर नहीं जाने पर जमकर बवाल मचा हुआ था।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल का पलट वार, अब आई भरजुना माता की याद..!
वहीं आज दोपहर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा था कि पहले गुरूर था कि जीत पक्की है इसलिए भरजुना माता को भूल गए थे, लेकिन हार का डर सता रहा है तो इसलिए आज मुख्यमंत्री भरजुना मंदिर दर्शन करने आ रहे हैं।
छुलाहटी में छोटी कोल के घर किया भोजन
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर छुटाहटी (लालपुर) निवासी जनपद सदस्य छोटी कोल के घर पहुंचे और भोजन किया । इसके लिए लगभग 50 लोगों का भोजन छोटी कोल के घर बनवाया गया। मुख्यमंत्री ने आदिवासी के घर दालपूड़ी, पापड़, सलाद, रोटी, बरा, मूंगदाल के मंगौड़े, सब्जी, भरता, आलू-छोला, अचार खीर खाई। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम सतना में करेंगे तथा बुधवार को कोठी में जनसभा को संबोधित करने का उनका कार्यक्रम है।