सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ विजयादशमी पर्व मनाए जाने को लेकर जिले भर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। सतना में जवाहर नगर स्टेडियम में रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।वहीं मैहर में भी तैयारी पूरी कर ली गई हैं।यहां इस बार पुतला दहन के लिए स्थान परिवर्तन किया गया। दशहरा उत्सव समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस वर्ष फुटबॉल ग्राउंड में विजयादशमी का पर्व पारंपरिक ढंग से मनाया जाएगा। हमेशा की तरह मैहर क्षेत्र के खेरवा सानी निवासी राकेश को एक बार फिर रावण का पुतला बनाने की जवाबदारी सौंपी गई है और उसके अनुसार इस वर्ष दशानन का कद 40 फीट ऊंचा होगा। एसडीएम धर्मेंद्र मिश्रा, एसडीओपी हिमाली सोनी और टीआई विद्याधर पांडेय ने मैहर में दुर्गा पंडालों का भ्रमण कर आयोजको को विसर्जन के लिए बनाई गई गाइडलाइन से अवगत कराया तो चल समारोह नहीं निकालने एवं चिंहित स्थानों पर विसर्जन करने के निर्देश दिए।
दशहरा उत्सव कमेटी के पदाधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष सायंकाल 7ः00 बजे कार्यक्रम आरंभ हो जाएगा। कोविड-19 के चलते इस वर्ष शोभायात्रा पर प्रतिबंध है, अतः बिहारी जी की झांकी निजी वाहन से खेल मैदान तक पहुंचेगी और इसके लिए सभी चार पहिया वाहनों को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की तरफ से आवागमन की अनुमति रहेगी। जानकारी के मुताबिक मैदान में शानदार आतिशबाजी समारोह का मुख्य आकर्षण होगी। साथ ही साथ पारंपरिक राम रावण के युद्ध के पश्चात निर्धारित समय पर रावण का पुतला दहन किया जाएगा। नगर दशहरा उत्सव कमेटी के पदाधिकारियों ने सभी नगर वासियों एवं क्षेत्र वासियों से कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए समारोह स्थल में पहुंचने का आह्वान किया है।