उमरिया, भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले के चंदिया नगर में 30 वर्षीय बेटी और 70 वर्षीय पिता के डबल मर्डर से पुलिस ने पर्दा हटा दिया है। हत्या करने वाले कोई और नहीं बल्कि मृतक सुशीला सोनी का पति और राम सहारे सोनी का दामाद छोटू उर्फ जोगिन्दर सोनी पिता स्व वसंत सोनी निवासी
महेन्द्र नगर गली नंबंर 3, राठौर बगीचा अलीगढ़ हाल निवासी गोंडा चौक, ठाकुर हलवाई के पास दिल्ली और उसका सगा बड़ा भाई जगवीर सोनी था। दोनों भाइयों ने मिलकर सुशीला और उसके पिता की हत्या की साजिश रची और चंदिया पहुंचकर घटना को अंजाम दे दिया। इस मामले में पुलिस ने अलीगढ़ उत्तर प्रदेश निवासी दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। इस बारे में जानकारी देते हुए एडीजीपी डीएस सागर ने बताया कि आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। इस मामले में एडीजीपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर तीस हजार का ईनाम भी घोषित किया था।
पत्नी के चरित्र पर था शकः छोटू उर्फ जोगिन्दर सोनी को अपनी पत्नी सुशीला सोनी के चरित्र पर संदेह था। उसे लगता था कि सुशीला का किसी अन्य व्यक्ति के साथ चक्कर चल रहा है। छोटू सोनी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ छिप-छिपकर फोन पर बातें किया करती थी और उसके साथ शादी करने वाली थी। छोटू को लगता था कि उसकी पत्नी कभी भी उसे छोड़कर भाग सकती है। इसलिए उसने अपने सगे बड़े भाई के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दे दिया।
Bhaskar Hindi News