Monday , April 29 2024
Breaking News

प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर को प्रदेश में चलेगा वैक्सीनेशन महाअभियान-मुख्यमंत्री

शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों को सितंबर तक पूर्ण लग जाए वैक्सीन का प्रथम डोज- शिवराज सिंह

सतना/भोपाल,भास्कर हिंदी न्यूज़/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वैक्सीन के प्रथम डोज से वंचित रहें नागरिकों को सितम्बर माह अंत तक शत-प्रतिशत वैक्सीनेट किया जाए। आगामी 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस पर प्रदेश में वैक्सीनेशन का महाअभियान भी चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वैक्सीनेशन कार्य में लगातार गति बनायें रखे, जिससे नागरिकों को प्रथम डोज के साथ वैक्सीन का दूसरी डोज भी समय पर लग जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान गत दिवस मंत्रालय में प्रदेश में कोरोना की स्थिति और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा प्रदेश के कुछ जिलों में आए कोरोना के पॉजिटिव प्रकरण यह संकेत है कि हम सावधान हो जाएँ। जन-जागरूकता की गतिविधियाँ लगातार चलाई जाए और नागरिकों को कोरोना संक्रमण के प्रति सजग और सतर्क किया जाए। जिस भी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी कोई दिक्कत है, अस्पताल जाकर परामर्श लेना चाहिए। प्रतिदिन कुछ पॉजिटिव केस जिन जिलों में आ रहे हैं, ऐसे प्रकरणों पर निगाह रखी जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्य और प्रभारी मंत्री परस्पर संवाद कर संक्रमण के स्थिति का जायजा लेते रहें। इसे खतरे की घंटी माने और सभी सावधान हों।

सितंबर माह के अंत तक लग जाएंगे 160 ऑक्सीजन संयंत्र

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में विभिन्न मदों से 190 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य है। यह कार्य प्रगति पर है। वर्तमान में 88 संयंत्र लगाए जा चुके हैं। कुल 18 इंस्टॉल हो गए हैं और 40 प्रदाय किए जा चुके हैं। अन्य 44 संयंत्र के कार्य में भी प्रगति है। लोक निर्माण विभाग, यूनिसेफ, पीएम केयर, कोल इंडिया, रेलवे आदि संस्थानों के सहयोग से भी ऑक्सीजन संयंत्र लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में सभी संभावित आवश्यकताओं को देखते हुए ऑक्सीजन संयंत्र ऑपरेशनल स्थिति में हों, यह सुनिश्चित किया जाए। इनका कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाए।
बैठक में वैक्सीनेशन के संबंध में जानकारी दी गई कि प्रदेश में 72 प्रतिशत पात्र नागरिकों को प्रथम डोज वैक्सीनेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। गुजरात के बाद देश के दूसरे अग्रणी प्रांत में मध्यप्रदेश शामिल हो गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीडियो कांफ्रेंस से प्रभारी अधिकारियों से भी चर्चा की। धार, भिंड, सतना और श्योपुर जिले में 50 प्रतिशत वैक्सीनेशन कार्य हुआ है। मुख्यमंत्री ने इन जिलों में वैक्सीनेशन कार्य को तेज गति से किये जाने के निर्देश दिये है।

रेफरल को कम करने चिकित्सा विशेषज्ञों की सेवाएँ जिला अस्पतालों में ही उपलब्ध

राज्य शासन द्वारा आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के तहत मरीजों को उनके जिले में ही चिकित्सा विशेषज्ञों की सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों में चिकित्सा सेवाओं का उन्नयन किया जा रहा है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान ने बताया कि इन अस्पताओं में चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ आई.सी.यू, एच.डी.यू. वार्ड, आइसोलेशन वार्ड एवं डायग्नॉस्टिक्स सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई जा रही है।

101 प्रकार की डायग्नॉस्टिक जाँच

अपर मुख्य सचिव  सुलेमान ने बताया कि जिला अस्पतालो में रेफरल को कम करने और जिले में ही संपूर्ण चिकित्सा उपलब्ध करने के उद्देश्य से प्रदेश के 48 जिला अस्पतालो एवं 9 सिविल हॉस्पिटल में वेट लीज रेंटल रीएजेंट मॉडल के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली हाई एंड टाइप की कुल 101 प्रकार की डाइग्नोस्टिक जाँच सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही है। आगामी 6 माह में शेष 4 जिलों में सुविधाएँ उपलब्ध करा दी जायेगी।

1068 चिकित्सकों को बनाया प्रभारी विशेषज्ञ

श्री सुलेमान ने बताया कि जिला अस्पतालो में विशेषज्ञों की सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेषज्ञों के पदों में वृद्धि हेतु कुल 1068 चिकित्सा अधिकारियों (विशेषज्ञ डिग्री/डिप्लोमाधारी) को प्रभारी विशेषज्ञ बनाते हुये उनसे विशेषज्ञ का कार्य लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 25 प्रतिशत विशेषज्ञों के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की कार्यवाही की जायेगी। इसके अतिरिक्त विशेषज्ञ की पूर्ति हेतु प्रदेश के जिला चिकित्सालयों में सी.पी.एस. का कोर्स संचालित किया जा रहा है तथा वर्ष 2021-22 में 4 जिलों में डी.एन.बी. का पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव भारत सरकार को प्रेषित किया गया है। उन्होंने बताया कि 50 प्रतिशत जिलों में सुविधाएँ दी जा रही है। शेष जिलों में आगामी 6 माह में सुविधाएँ सुचारू रूप से संचालित हो जायेगी।

11 हजार 184 ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड्स

अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री सुलेमान ने बताया कि प्रदेश में 50 जिला अस्पतालो में कुल 585 बिस्तरीय क्रियाशील आई.सी.यू. तैयार किये गये है तथा 11 हजार 184 ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड्स मरीजों के उपचार के लिए स्थापित किये गये है। उन्होंने बताया कि आगामी 6 माह नये आई.सी.यू बेड्स तथा 2887 नये ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड्स की स्थापना कर ली जायेगी।

About rishi pandit

Check Also

महाकाल मंदिर के फोटो प्रसाद के पैकेट पर छापने पर लग सकती है रोक

इंदौर. महाकालेश्वर मंदिर में वितरित किए जाने वाले आरती भोग प्रसाद के पैकेट पर महाकाल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *