Thursday , July 24 2025
Breaking News

Kalyan Singh: यूपी के पूर्व सीएम कल्‍याण सिंह का निधन, तीन दिन का राजकीय शोक, 23 की शाम होगा अंतिम संस्‍कार

Kalyan Singh Passes Away :digi desk/BHN/ देश को आज एक दुखद समाचार मिला है। कल्‍याण सिंह नहीं रहे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का लंबी बीमारी के बाद शनिवार रात निधन हो गया। पीजीआई के निदेशक प्रो. आरके धीमन ने बताया कि उन्हें 4 जुलाई को एसजीपीजीआई के क्रिटिकल केयर मेडिसिन के आईसीयू में गंभीर अवस्था में भर्ती किया था। लंबी बीमारी और शरीर के कई अंगों के धीरे-धीरे फेल होने के कारण शनिवार रात को उन्होंने अंतिम सांस ली। लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। उनका अंतिम संस्कार 23 अगस्त की शाम नरोरा में गंगा तट पर किया जाएगा। 23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। यूपी के पूर्व सीएम और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज से लखनऊ में उनके आवास पर ले जाया जा रहा है, जहां उन्होंने आज रात 9:15 बजे अंतिम सांस ली।

उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) में सेप्सिस और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण निधन हो गया। उन्हें चार जुलाई को संजय गांधी पीजीआई के Critical Care medicine के आईसीयू में गंभीर अवस्था में भर्ती किया गया था। लंबी बीमारी और शरीर के कई अंगों के धीरे-धीरे फेल होने के कारण आज उन्होंने अंतिम सांस ली। भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक कल्याण सिंह का पार्टी के साथ ही भारतीय राजनीति में कद काफी विशाल था। अयोध्या के विवादित ढांचा के विंध्वस के समय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे कल्याण सिंह भाजपा के कद्दावर नेताओं में से एक थे।

कल्याण सिंह का जन्म 6 जनवरी 1932 को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हुआ था। उनके पिता का नाम तेजपाल लोधी और माता का नाम श्रीमती सीता देवी था। कल्याण सिंह दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और अतरौली के विधानसभा के सदस्य थे। वह बुलंदशहर तथा एटा से लोकसभा सदस्य भी रहने के साथ राजस्थान तथा हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रहे। राज्यपाल के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त करने के बाद कल्याण सिंह ने लखनऊ में आकर एक बार फिर से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

पीएम मोदी ने दी भावुक श्रद्धांजलि, राजनाथ बोले मैंने बड़ा भाई खोया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि कल्याण सिंह जी के निधन से मैं दुखी हूं। वे राजनेता, जमीनी स्तर के नेता और महान इंसान थे। उत्तर प्रदेश के विकास में उनका अमिट योगदान है। उनके पुत्र राजवीर सिंह से बात हुई और संवेदना व्यक्त की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिग्गज नेता की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह भारतीय राजनीति के एक दिग्गज थे। जिन्होंने अपने व्यक्तित्व और काम से देश व समाज पर एक छाप छोड़ी हैं। उनके चले जाने से मैंने अपने बड़े भाई और साथी को खो दिया। उनके मौत से पैदा हुए शून्य को भरना लगभग असंभव है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, राष्ट्र, धर्म व जनता को समर्पित ऐसे विराट व आदर्शपूर्ण जीवन को मैं कोटि-कोटि नमन करता हूं। उनके निधन से देश व समस्त भाजपा परिवार शोकाकुल है। शाह ने कहा कि जब राम जन्मभूमि का शिलान्यास हुआ, उस दिन मेरी कल्याण सिंह से फोन पर बात हुई थी और उन्होंने कहा था कि मेरा सपना पूरा हो गया।

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘कल्याण सिंह दो महीने से अस्वस्थ थे। उन्होंने आज रात सवा नौ बजे आखिरी सांस ली। हम सभी दुखी है।’ मैं दिवंगत आत्मा के लिए शांति की कामना करता हूं। प्रदेश में तीन दिन का शोक है। उन्होंने कहा कि सोमवार को नरौरा में गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 23 अगस्त को प्रदेश के अंदर सार्वजनिक अवकाश घोषित रहेगा ताकि हर व्यक्ति उनको श्रद्धाजंलि दे सकें।

 

About rishi pandit

Check Also

ग्लोबल पासपोर्ट रैंकिंग में भारत ने मारी 8 पायदान की छलांग, पाकिस्तान फिसला चौथे सबसे नीचे

नई दिल्ली दुनिया भर के देशों के पासपोर्ट की नई रैंकिंग आ गई है। इसके …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *