वारदात से इलाके में सनसनी पुलिस ने पकड़े हत्या के दो आरोपी
सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ नागौद थानान्तर्गत पिपरोखर गांव में दीवार गिराने के मामूली विवाद पर दो लोगों ने 65 वर्षीय बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। हत्या आरोपियों ने पहले बुजुर्ग को बन्दूक दिखा कर गोली मारने की धमकी दी इसके बाद जब बुजुर्ग ने उनकी धौंस का जवाब दिया तो हत्यारोपी भड़क गए। आरोपियों बुजुर्ग को दौड़ा कर गोली मार दी। बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गयी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव से भाग कर सतना आ गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को धवारी मोहल्ले से गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक नागौद थाना इलाके के ग्राम पिपरोखर में राम बहोरी तिवारी तनय नाथूराम तिवारी 65 वर्ष निवासी पिपरोखर की गोली मार कर हत्या कर दी गई। हत्या की यह वारदात सोमवार की शाम लगभग 5 बजे हुई। बताया गया कि मृतक राम बहोरी घर का निर्माण करा रहा था। उसकी एक दीवार बन रही थी जिसके निर्माण पर उसके पड़ोसी पप्पू को आपत्ति थी। उसने राम बहोरी से दोपहर विवाद किया था और मार देने की धमकी भी दी थी। हालांकि इसके बाद पप्पू के पिता और मृतक के बीच समझौता हो गया था लेकिन पप्पू को वह मंजूर नही था।शाम लगभग 5 बजे मृतक अपने मवेशी चरा रहा था तभी पप्पू अपने साथी वीरेंद्र गर्ग के साथ वहां पहुंचा और उसने सीधे राम बहोरी पर गोली दाग दी। गोली राम बहोरी की पसली में बाई तरफ लगी और वह वहीं ढेर हो गया। बताया गया कि पप्पू और गर्ग को देख कर राम बहोरी भागने लगा । पप्पू ने उसका पीछा किया और गोली चला दी।
इधर हत्या की वारदात के बाद गांव में हड़कंप मचा और आरोपी पप्पू तथा उसका साथी वीरेंद्र गांव से सतना शहर की तरफ भाग निकले। वे धवारी के पास पहुंचे ही थे कि सतना पुलिस की डीएसबी शाखा में पदस्थ आरक्षक पुरणेंद्र पांडेय ने उन्हें पकड़ लिया। दोनो को थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। बताया जाता है कि आरोपी बिरला समूह की यूनिवर्सल केबिल्स लिमिटेड ( यूसीएल) के स्वास्थ्य केंद्र में कम्पाउंडर था।