Wednesday , June 26 2024
Breaking News

अब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा में तैयारी, कई राज्यों में बनाए प्रभारी

नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव 2024 खत्म होते ही भाजपा ने अब विधानसभा चुनावों के लिए तैयारी शुरू कर दी है। महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू-कश्मीर राज्य के लिए भाजपा ने चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। सोमवार को पार्टी ने भूपेंद्र यादव को महाराष्ट्र का चुनाव प्रभारी घोषित किया। इसके अलावा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं हरियाणा की जिम्मेदारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मिली है और उनके साथ ही त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब कुमार देब सह-प्रभारी बनाए गए हैं। इसी साल अक्टूबर में इन दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं।

पार्टी ने झारखंड के लिए शिवराज सिंह चौहान को प्रभारी बनाया है। उनके साथ सह-प्रभारी के तौर पर हिमंत बिस्वा सरमा काम करेंगे। जी. किशन रेड्डी को जम्मू-कश्मीर का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। हरियाणा और महाराष्ट्र में कुछ महीनों के अंदर ही चुनाव होने हैं तो वहीं झारखंड में भी अगले साल जनवरी तक इलेक्शन प्रस्तावित हैं। अब तक चुनाव आयोग ने स्पष्ट तौर पर जम्मू-कश्मीर के चुनाव पर कुछ नहीं कहा है, लेकिन पिछले दिनों ही जल्द ही इलेक्शन कराने की बात कही थी। ऐसे में माना जा रहा है कि महाराष्ट्र और हरियाणा के साथ ही यहां भी चुनाव हो सकते हैं। यही वजह है कि भाजपा तैयारियों में जुट गई है।

बता दें कि भूपेंद्र यादव पहले भी कई राज्यों में चुनावी रणनीतिकार के तौर पर काम कर चुके हैं। इसलिए उन्हें महाराष्ट्र जैसे राज्य का जिम्मा मिला है। वहीं मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के लिए भी यह बड़ी जिम्मेदारी है कि वह झारखंड में चुनावी कमान संभालेंगे। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के नतीजे भाजपा की उम्मीदों के अनुसार नहीं आए हैं। ऐसे में विधानसभा इलेक्शन के लिए पार्टी पहले से ही तैयारियों में जुट गई है। राज्यसभा की सदस्य संख्या के लिहाज से भी इन बड़े राज्यों में चुनाव जीतना भाजपा के लिए अहम है।

भूपेंद्र यादव को महाराष्ट्र की जिम्मेदारी

पार्टी की तरफ से जारी प्रेसनोट में कहा गया कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगामी विधानसभा चुनाव-महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। पार्टी ने महाराष्ट्र के प्रभारी के रूप में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को जिम्मेदारी सौंपी हैं। उनके साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सह प्रभारी होंगे।

हरियाणा संभालेंगे धर्मेंद्र प्रधान

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, सांसद और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्र बिप्लव कुमार देव राज्य के सह-प्रभारी होंगे। पार्टी ने झारखंड के प्रभारी का दायित्व केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह को सौंपा है। झारखंड के सह-प्रभारी की जिम्मेदारी असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के पास होगी।

जी. किशन रेड्डी को जम्मू-कश्मीर

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू एवं कश्मीर के राज्यप्रभारी के रूप में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। महाराष्ट्र में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। हरियाणा में पिछली बार विधानसभा चुनाव अक्टूबर 2019 में हुए थे। ऐसे में हरियाणा में इसी साल चुनाव होने हैं। झारखंड विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को खत्म होने वाला है। ऐसे में झारखंड में भी इसी साल चुनाव होंगे।

 

About rishi pandit

Check Also

हार के बाद नहीं कम हुई वाईएसआरसीपी की मुश्किलें, पार्टी कार्यालयों को नगर निगम से गिराने का मिला नोटिस

ताड़ेपल्ली आंध्र प्रदेश के ताड़ेपल्ली में निर्माणाधीन वाईएसआरसीपी का केंद्रीय कार्यालय को गिराए जाने के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *