सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ भारत सरकार द्वारा पांच प्रमुख दालों तुअर, उड़द, चना, मसूर और मूंग की बाजार में सुचारु उपलब्धता तथा स्टॉक की स्थिति पर निगरानी रखने और जमाखोरी को नियंत्रित करने के लिये ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया गया है। इस स्टॉक प्रकटीकरण पोर्टल में प्रति शुक्रवार खाद्य व्यापारियों को दालों के स्टॉक की घोषणा करनी होगी। व्यापारियों द्वारा दालों के स्टॉक की जानकारी उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की वेबसाइट https://fcainfoweb.nic.in/psp/ पर की जायेगी। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने आदेश के पालन में खाद्य सुरक्षा विभाग और कृषि उपज मंडी के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि जिले के समस्त पंजीकृत व्यापारियों से भारत सरकार के पोर्टल में तुअर, उड़द, चना, मसूर और मूंग के स्टॉक की घोषणा नियमित रुप से दर्ज कराना सुनिश्चित करायें।
किसानों से 31 मई तक होगा चना, मसूर और सरसों का उपार्जन
जिले के किसानों से रबी विपणन वर्ष 2023-24 में प्राइस सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत चना, मसूर एवं सरसों की खरीदी निर्धारित उपार्जन केंद्रों पर की जा रही है। चना, मसूर और सरसों के उपार्जन का कार्य 31 मई तक जारी रहेगा। उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि शासन द्वारा चना 5 हजार 440 रुपये प्रति क्विंटल मसूर 6 हजार 425 रुपये प्रति क्विंटल एवं सरसों 5 हजार 650 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य घोषित किया गया है। शासन के निर्देशानुसार सभी उपार्जन केन्द्रों पर किसानों की सुविधा को देखते हुये शुद्ध पेयजल, छायादार बैठने के स्थान, सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि वे उपार्जन केन्द्रों या कियोस्क अथवा स्वयं द्वारा अपनी सुविधानुसार स्लॉट बुक कर अपनी उपज का विक्रय शासकीय उपार्जन केन्द्रों पर करें।
खुले बोरवेल से होने वाली दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने अब सीएम हेल्पलाइन एप्लीकेशन में जोड़ा नया मॉड्यूल
खुले बोरवेल से होने वाली दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने राज्य शासन द्वारा सीएम हेल्पलाइन एप्लीकेशन में नया मॉड्यूल जोड़ा गया है। इस नवाचारी प्लेटफार्म के माध्यम से प्रदेशवासी खुले बोरवेल से संबंधित अपनी शिकायतें आसानी से एप्लीकेशन में दर्ज कर शासन की त्वरित कार्यवाही से लाभान्वित हो सकते हैं। शिकायत दर्ज करने के लिए उपयोगकर्ता को सर्वप्रथम गूगल प्लेस्टोर से सीएम हेल्पलाइन एप्लीकेशन डाउनलोड करना होगा। निर्धारित स्थान पर अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद उपयोगकर्ता को प्राप्त हुए ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) का एप्लीकेशन द्वारा सत्यापन किया जायेगा। इस प्रक्रिया के पूर्ण हो जाने पर उपयोगकर्ता को सीएम हेल्पलाइन एप्लीकेशन के मेनू में दिए गए “बोरवेल शिकायत खोलें” विकल्प पर क्लिक करना होगा। जिसके बाद उसे “शहरी या ग्रामीण” विकल्प के माध्यम से अपना स्थान चुनना होगा। इसी प्रकार उसे स्थान के आधार पर स्वचालित अद्यतित उपविभाग, जिला, ब्लॉक एवं अपने वार्ड या ग्राम का चयन करना होगा। उपयोगकर्ता को बोरवेल से संबंधित अपनी शिकायत का विवरण दर्ज करने के साथ ही खुले बोरवेल की तस्वीर भी कैप्चर करनी होगी। सब्मिट बटन पर क्लिक करने पर उसकी शिकायत संबंधित विभाग को भेज दी जायेगी और शिकायतकर्ता को एसएमएस द्वारा शिकायत आईडी प्राप्त हो जायेगी।
Bhaskar Hindi News