Corona vaccination in M.p:digi desk/BHN/ मध्य प्रदेश में कोरोना टीकाकरण से छूटे स्वास्थ्यकर्मियों को बुधवार से तीन दिन तक 1100 केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा। टीका लगवाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को एसएमएस भेज दिया गया है। अभी 1 लाख 12 हजार कर्मचारियों को टीका लगाया जाना है। इन्हें सुबह से नौ से शाम पांच बजे तक टीका लगेगा।
राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में टीकाकरण से छूट गए कर्मचारियों के लिए तीन दिन तक मॉपअप राउंड चलेगा। टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया उसी तरह से होगी, जैसी अभी तक चल रही थी। सिर्फ उन्हीं कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा जिनका कोविन पोर्टल में पंजीयन पहले से हो चुका है। नए स्वास्थ्यकर्मियों को शामिल नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 4 लाख 17 हजार कर्मचारियों को टीकाकरण के लिए चिन्हित किया गया था। इनमें 73 फीसद को टीका लगाया जा चुका है। इन तीन दिनों में जो स्वास्थ्यकर्मी टीका लगवाने के लिए नहीं आएंगे, उन्हें बाद में मौका नहीं दिया जाएगा
मॉपअप राउंड के लिए भोपाल में 125 टीकाकरण केन्द्र बनाए गए हैं। वजह, यहां करीब 13 हजार स्वास्थ्यकर्मी अभी भी टीकाकरण से बचे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि टीकाकरण से बचे स्वास्थ्यकर्मियों में करीब 10 फीसद गर्भवती और छह फीसद धात्री महिलाएं हैं, जिन्हें टीका नहीं लगाया जाना है।
छह फरवरी से फ्रंटलाइन वर्कर्स को लगेगा टीका
डॉ. संतोष शुक्ला ने बताया कि छह फरवरी से प्रदेश में फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाया जाएगा। इसमें नगर निगम के कर्मचारी, राजस्व कर्मचारी, आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मचारी व पुलिसकर्मी शामिल हैं। डॉ. शुक्ला ने बताया कि प्रदेश भर से अभी तक करीब तीन लाख फ्रंटलाइन वर्कर्स का आंकड़ा मिला है। यह संख्या अभी और बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए टीका का अतिरिक्त डोज केंद्र सरकार से दो-तीन दिन के भीतर मिल जाएगा। इसकी सूचना आ गई है।