सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ स्थानीय नई बस्ती निवासी प्रख्यात भागवताचार्य पं. राम सुजान शास्त्री का रविवार की देर शाम देहावसान हो गया। वे 78 वर्ष के थे। स्व. श्री शास्त्री ने वाराणसी से संस्कृत एवं श्रीमदभागवत की शिक्षा ग्रहण की थी। विंध्य क्षेत्र के विद्वत जनों में गिने जाने वाले पं. राम सुजान के निधन का समाचार मिलते ही नई बस्ती में शोक व्याप्त हो गया। मूलत भरजुना ग्राम के निवासी पं. राम सुजान लंबे अरसे से श्रीमद भागवत की कथा देश एवं प्रदेश के कई स्थलों में कर चुके हैं।
वे नई बस्ती स्थित माता भगवती के मंदिर की देख-रेख तथा मंदिर में प्रतिष्ठित माता भगवती की कई वर्षों से सेवा, पूजा-अर्चना कर रहे थे । देवी जी के मंदिर के जीर्णोद्वार में भी स्व. श्री शास्त्री का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके देवलोक गमन का समाचार मिलते ही देश एवं प्रदेश में निवास करने वाले उनके शिष्यों में गहन शोक छा गया। श्री शास्त्री का अंतिम संस्कार सोमवार को उनके पैतृक गांव भरजुना में किया जायेगा।
