Tuesday , November 3 2026
Breaking News

Satna: रामवन के बसंतोत्सव मेले की तैयारियां जोरो पर


सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ बसंत पंचमी के अवसर पर सतना जिले के रामपुर बघेलान विकासखंड के रामवन में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले पांच दिवसीय बसंतोत्सव मेले की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। ग्राम पंचायत मतहा के अंतर्गत आयोजित होने वाले मेले में आयोजन की व्यवस्थाओं के लिये अनुविभागीय अधिकारी रामपुर बघेलान आरएन खरे की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं आयोजकगणों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मेला अधिकारी तहसीलदार रामपुर बघेलान को बनाया गया है। जिला जनसंपर्क अधिकारी सतना के निर्देशन में मेले के प्रचार-प्रसार हेतु सभी समाचार पत्र, इलेक्ट्रॉनिक चैनल के प्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को मिलाकर मेला प्रचार समिति गठित की गई है।
जिले के प्रसिद्ध स्थल रामवन में बसंत पंचमी का पांच दिवसीय मेला 14 फरवरी से प्रारंभ होगा और 18 फरवरी तक अनवरत चलेगा। पांच दिवसीय ग्रामीण क्षेत्र के इस बहुप्रतीक्षित मेले में दूर-दराज के व्यापारीगण रामवन आकर अपनी दुकाने और स्टाल लगाते हैं। अब तक लगभग 550 व्यापारी, दुकानदारों ने अपने स्टाल बुक किये हैं। इसके अलावा मेले की रौनक बढ़ाने मनोरंजन के विविध आइटम, झूले, सर्कस, खेल-तमाशे के प्रदर्शन स्टाल सजने शुरु हो गये हैं। ग्राम पंचायत मतहा की सरपंच श्रीमती मनीषा अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि गत वर्षों की तरह ग्रामीण मेले में कबड्डी की स्पर्धा का भी आयोजन किया जायेगा। कबड्डी स्पर्धा निःशुल्क रहेगी तथा पहले आओ-पहले पाओ आधार पर कबड्डी टीमों का पंजीयन किया जायेगा। बसंत मेला आयोजन समिति ने कबड्डी स्पर्धा के विधिवत संचालन के लिये जिला खेल अधिकारी सतना को शामिल कर क्रीडा समिति बनाई है। कबड्डी की विजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद, उप विजेता टीम को 5100 रुपये नकद और खिलाड़ियों को पारितोषिक भी प्रदान किये जायेंगे। पांच दिवसीय बसंतोत्सव मेले में विधायक श्री विक्रम सिंह के प्रयास से संस्कृति विभाग के लोक कलाकारों को प्रस्तुतियों के लिये आमंत्रित किया जा रहा है।

राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के आज के कार्यक्रम

प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी 11 फरवरी को प्रातः 11 बजे सतना से कटनी के लिये प्रस्थान करेंगी। राज्यमंत्री कटनी के स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के उपरांत रात्रि 10ः30 बजे रेवांचल एक्सप्रेस से भोपाल रवाना हो जायेंगी।

स्वामित्व योजना का राज्य स्तरीय कार्यक्रम 11 फरवरी को

स्वामित्व योजना के तहत पात्र गरीब परिवारों को भू-अधिकार पत्र प्रदान किए जाते हैं। इस योजना का राज्य स्तरीय कार्यक्रम झाबुआ जिले में आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी हितग्राहियों को भू अधिकार पत्र का वितरण करेंगे। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दूरदर्शन तथा विभिन्न मीडिया प्लेटफार्म पर किया जाएगा। सभी नगरीय निकायों तथा ग्राम पंचायतों में इसके सजीव प्रसारण की व्यवस्था की जायेगी। आमजनता से इस कार्यक्रम से लाभ उठाने की अपील की गई है।

About rishi pandit

Check Also

Satna: 8 से 10 दिसंबर तक संचालित होगा पल्स पोलियो अभियान

पल्स पोलियो जिला टास्क फोर्स की बैठक सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले में 8 से 10 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *