Navratri 2020:ujjain/ हिंदी पंचांग के अनुसार अक्टूबर माह बहुत खास रहेगा। इस माह में नवरात्रि पर्व, दशहरा और शरद पूर्णिमा जैसे पर्व मनाए जाएंगे। अधिक मास तीन साल में एक बार आता है। इस वजह से इस पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इस दिन दान पुण्य और विशेष पूजन करने की परंपरा है। कोरोना महामारी में पिछले 6 महीने से धार्मिक कार्यक्रमों पर असर पड़ा है। इसमें नवरात्र, गणेश उत्सव, जन्माष्टमी सहित कई पर्व मंदिरों की बजाय घरों में ही मनाए गए। 17 तारीख को आश्विन मास के नवरात्र शुरू हो रहे हैं। इस दिन घट स्थापना होगी। शनिवार को ही तुला संक्रांति भी है। सूर्य कन्या से तुला राशि में प्रवेश करेगा। देवी दुर्गा के साथ ही सूर्य के लिए भी विशेष पूजन करें।
20 अक्टूबर को अंगारक विनायकी चतुर्थी है। इस दिन भगवान गणेश के लिए व्रत करें और भगवान को मोदक का भोग लगाएं। 24 तारीख को दुर्गा अष्टमी है। इसे महाष्टमी भी कहते हैं। इस दिन देवी दुर्गा की विशेष पूजा करें व व्रत रखें। 25 अक्टूबर को दुर्गा नवमी है। इस दिन छोटी कन्याओं को भोजन कराने की परंपरा है। 27 अक्टूबर को पापांकुशा एकादशी है। यह व्रत सभी पापों का प्रभाव खत्म करने वाला माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु के लिए व्रत करें।
30 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा है। मान्यता है कि इस तिथि पर भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों के साथ रास रचाया था। यह श्री कृष्ण की भक्ति का दिन है। इस दिन महालक्ष्मी का पूजन भी करें। 31 अक्टूबर से कार्तिक मास शुरू हो जाएगा। पंचांग भेद से इस दिन पूर्णिमा है।